सड़क हादसे में एक मौत, दो गंभीर
जेएनएन पोटका गम्हरिया कोल्हान के पोटका व गम्हरिया में शुक्रवार को हुए सड़क हादसा
जेएनएन, पोटका, गम्हरिया : कोल्हान के पोटका व गम्हरिया में शुक्रवार को हुए सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गयी जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। पहली घटना पोटका प्रखंड अंतर्गत कोवाली थानाक्षेत्र की है। जहां गुरुवार की देर रात एक कार की चपेट में आने से सिकरसाई निवासी नाजीर सरदार की मौत हो गयी। वह टिस्का कंपनी में ठेका कर्मचारी था और काम करके हल्दीपोखर से अपने घर लौट रहा था। इसी बीच बीच गंगाडीह के समीप एक अनियंत्रित कार की चपेट में आने से गंभीर रूप से जख्मी हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे जमशेदपुर स्थित महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) अस्पताल भेजा। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। नाजीर की मौत के बाद उसकी पत्नी व बच्चों का बुरा हाल है।
वहीं दूसरी घटना गम्हरिया प्रखंड क्षेत्र के टाटा-कांड्रा मार्ग पर भाटिया बस्ती के समीप की है। जहां खड़ी ऑटो में एक कार ने ठोकर मार दी। घटना में ऑटो सवार दो यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जेएआरडीसीएल की एम्बुलेंस से एमजीएम अस्पताल भेजा गया। घटना शुक्रवार की रात करीब आठ बजे की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, केदुगांछ के समीप रहने वाले कांता सिह और उदय सिह ड्यूटी समाप्त कर ऑटो से घर जा रहे थे। इसी बीच यात्री को उतारने के लिए भाटिया बस्ती के पास चालक ने ऑटो रोका था, तभी आदित्यपुर की ओर से तेज गति से आ रही कार ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। घटना में कांता सिह को गंभीर चोटें आई है।