घरेलू विवाद में छोटे भाई ने की बड़े भाई की हत्या
कुचाई थाना क्षेत्र के बारुहातु गांव में घरेलू विवाद में छोटे भाई ने अपने बड़े भाई की हत्या कर दी।
संवाद सूत्र, खरसावां : कुचाई थाना क्षेत्र के बारुहातु गांव में घरेलू विवाद में छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की धारदार हथियार से हत्या कर दी। कुचाई पुलिस ने हत्यारोपी छोटे भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। कुचाई थाना से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की शाम करीब चार बजे बारुहातु गांव के विश्वनाथ मुंडा (37) नदी से नहाकर घर लौट रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए छोटे भाई मंगल सिंह मुंडा ने धारदार हथियार से गरदन व शरीर के अन्य हिस्सों में वार कर हत्या कर दी। इससे घटना स्थल पर ही बड़े भाई की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद कुचाई पुलिस टीम पहुंच कर पूरे मामले की जानकारी ली। कुचाई पुलिस ने बुधवार को मामला दर्ज कर आरोपी मंगल सिंह मुंडा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
गांव के मुखिया ने बताया कि घर में दोनों भाईयों में हमेशा अनबन होते रहता था। बात-बात में दोनों आपस में भिड़ जाते थे। बड़े भाई ने दो शादी की थी। पहला शादी दस साल पहले तमाड़ प्रखंड के मारचीड़ी गांव में किया था। कुछ साल बाद पहली पत्नी की मौत बीमारी से हो गई। पहली पत्नी से एक लड़की है। वह अपने दादा के साथ रहकर रांची में पढ़ाई कर रही है। इसके बाद बड़े भाई ने फिर दूसरी शादी अड़की प्रखंड के तेरगाहातू गांव में की थी। दूसरी पत्नी से एक लड़का व एक लड़की है। मृतक खेती बाड़ी कर अपना परिवार चला रहा था। घर में विवाद होते रहने के कारण छोटा भाई हमेशा बड़े भाई से खफा रहता था। मंगलवार को मौका देखते ही छोटे भाई ने बड़े भाई को मौत के घाट उतार दिया।
कुचाई थाना प्रभारी अनिल मिश्रा ने बताया कि घरेलू विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई की हत्या कर दी है। हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि हत्याकांड के सभी पहलुओं पर पुलिस जांच कर रही है। कुचाई पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से विश्वनाथ मुंडा के शव को सरायकेला में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।