सड़क दुर्घटनाओं के नाम रही शुक्रवार की शाम
शुक्रवार की शाम सरायकेला थाना क्षेत्र में तीन सड़क दुर्घटनाओं में कुल आठ लोग घायल हुए। सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार करने के बाद चिकित्सकों ने सात घायलों को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम रेफर कर दिया जबकि एक चालक को नशे की हालत में पाए जाने के बाद ड्रंक एंड ड्राइव का मामला दर्ज कर प्राथमिक उपचार कराकर जेल भेज दिया गया। इन तीनों दुर्घटनाओं में सरायकेला थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय पुलिस बल के साथ अलर्ट मोड में रहे..
जागरण संवाददाता, सरायकेला : शुक्रवार की शाम सरायकेला थाना क्षेत्र में तीन सड़क दुर्घटनाओं में कुल आठ लोग घायल हुए। सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार करने के बाद चिकित्सकों ने सात घायलों को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम रेफर कर दिया, जबकि एक चालक को नशे की हालत में पाए जाने के बाद ड्रंक एंड ड्राइव का मामला दर्ज कर प्राथमिक उपचार कराकर जेल भेज दिया गया। इन तीनों दुर्घटनाओं में सरायकेला थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय पुलिस बल के साथ अलर्ट मोड में रहे। उन्होंने बताया कि सभी मामलों में नशे की हालत में सफर करने का मामला है। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। केस-1
शुक्रवार की शाम लगभग 7:30 बजे जमशेदपुर की ओर से आ रहा स्कार्पियो सरायकेला-कांड्रा मुख्य मार्ग पर गुड़िया के बैगन बाड़ी के समीप अनियंत्रित होकर पलट गई। स्कार्पियो काफी तेज गति से आ रहा था। इस दुर्घटना में ड्राइवर विक्की कुमार समेत वाहन पर सवार 63 वर्षीय बच्चा सिंह व रोशन बूढ़ा को गंभीर चोट आई है। सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार करने के बाद चिकित्सकों ने बच्चा सिंह और रोशन बूढ़ा को जमशेदपुर रेफर कर दिया गया। टीएमएच में 63 वर्षीय बच्चा सिंह का हाथ काटना पड़ा। थाना प्रभारी ने बताया कि तीनों नशे की हालत में थे। जांच के दौरान ड्राइवर विक्की कुमार के शरीर में अल्कोहल की मात्रा 144 पाई गई। उस पर नशे की हालत में वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया है। प्राथमिक उपचार के बाद विक्की को जेल भेज दिया गया। केस-2
शुक्रवार की रात लगभग 8:30 बजे सरायकेला-खरसावां मुख्य मार्ग पर कोड़ासाई के समीप सड़क दुर्घटना में बाइक सवार जामडीह निवासी सालवान महतो, आसनबनी निवासी राजू महतो व सियाडीह निवासी भागवत महतो गंभीर रूप से घायल हो गए। भागवत महतो अपने दो साथियों के साथ बाइक से अपनी बहन के घर मनोहरपुर गया था। वापस लौटने के क्रम में कोड़ासाई के समीप टेंपो ने पीछे से टक्कर मार दी। घटना के बाद तीनों बाइक सवारों को सदर अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को जमशेदपुर स्थित एमजीएम रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि तीनों युवक नशे की हालत में थे। केस-3
शुक्रवार की रात लगभग नौ बजे सरायकेला-कांड्रा मुख्य मार्ग पर दुगनी सीआरपीएफ कैंप के समीप सड़क दुर्घटना में बाइक सवार आदित्यपुर के भाटिया बस्ती निवासी सौरव नायक व दुगनी निवासी आकाश नायक गंभीर रूप से घायल हो गए। सौरभ दुगनी स्थित अपने बुआ के घर आया था। वह बुआ के लड़के आकाश के साथ बाइक से सरायकेला जा रहा था। इस क्रम में अज्ञात वाहन को पीछे से टक्कर मार कर अनियंत्रित होकर गिर गए। सदर अस्पताल में इलाज कराने के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों युवक नशे की हालत में थे।