बेझिझक अपनी शिकायतें सामने लाएं : उपायुक्त
शुक्रवार को उपायुक्त कार्यालय कक्ष में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान उपायुक्त अरवा राजकमल ने कोविड नियमों का पालन कर शारीरिक दूरी व फेस मास्क का उपयोग कर विभिन्न प्रखंडों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। जनता दरबार में मुख्य रूप से जमीन वृद्धा पेंशन विधवा पेंशन पेयजल व राशन कार्ड से संबंधित मामले उपायुक्त के समक्ष रखे गए..
जागरण संवाददाता, सरायकेला : शुक्रवार को उपायुक्त कार्यालय कक्ष में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान उपायुक्त अरवा राजकमल ने कोविड नियमों का पालन कर शारीरिक दूरी व फेस मास्क का उपयोग कर विभिन्न प्रखंडों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। जनता दरबार में मुख्य रूप से जमीन, वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, पेयजल व राशन कार्ड से संबंधित मामले उपायुक्त के समक्ष रखे गए। उपायुक्त ने सभी शिकायतों के त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को निदर्ेंश दिया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को दूर करने के लिए जिला प्रशासन निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि बेझिझक अपनी शिकायतें सामने लाएं। अपने आसपास के लोगों को भी जनता दरबार की जानकारी दें।
उपायुक्त ने कहा कि आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक मंगलवार व शुक्रवार को दोपहर 12 से अपराह्न तीन बजे तक अनुमंडल पदाधिकारी समेत सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी व अंचलाधिकारी समेत सभी विभागीय पदाधिकारियों को कार्यालय में उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है, ताकि संबंधित विभाग के पदाधिकारी से संपर्क कर आम लोग अपनी समस्याएं उनके समक्ष रख सकें। उपायुक्त ने सभी विभागीय पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी व अंचलाधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि सोशल मीडिया व जनता दरबार के माध्यम से प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता के तौर पर निष्पादित करें। उन्होंने कहा कि वृद्धा, विधवा व दिव्यांग पेंशन, राशन कार्ड, कृषि से संबंधित मामलो को जल्द से जल्द निष्पादित करें। विवादित स्थल पर मकान निर्माण का ग्रामीणों ने किया विरोध : बीजाडीह पंचायत स्थित रोला गांव के ग्रामीणों ने विवादित स्थल पर मकान निर्माण करने का विरोध किया है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के वंशीलाल मुर्मू विवादित स्थल पर निर्माण कार्य के लिए ईंट व गिट्टी गिराकर मकान का निर्माण करा रहे हैं। शुक्रवार को ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान सत्यनारायण हेंब्रम ऊर्फ सुगनाथ हेंब्रम के नेतृत्व में उपायुक्त व अंचलाधिकारी को ज्ञापन सौंप कर कार्रवाई करने की मांग की। ग्रामीणों ने ज्ञापन के माध्यम से कहा है कि रोला गांव के थाना नंबर 386, खाता नंबर 66, प्लॉट नंबर 500 का उपयोग ग्रामीण आदि काल से खलिहान व चारागाह के रूप में करते आ रहे हैं। इसके अलावा संबंधित जमीन पर सामुदायिक भवन भी है। इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने 23 अक्टूबर 2013 को भी राजनगर के अंचलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा था। परंतु अंचलाधिकारी की ओर से इस मामले पर किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई। ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने यह भी कहा है कि रोला गांव के वंशीलाल मुर्मू ने संबंधित जमीन पर मकान निर्माण कराने के लिए ईंट्ट व गिट्टी गिराया है, जिससे ग्रामीण आक्रोशित हैं। ग्रामीणों ने बताया कि संबंधित प्लॉट टाटा-चाईबासा मुख्य मार्ग पर स्थित होने के कारण सरकारी योजना के लिए उचित है। मौके पर ग्राम प्रधान सत्यनारायण हेंब्रम उर्फ सुगनाथ हेंब्रम, किसान मुर्मू, रामलाल हांसदा, जयपाल मुर्मू, होपना मुर्मू, सागेन टुडू उपस्थित थे।