तीन सौ फीट की ऊंचाई चढ़ मां आकर्षिणी के दरबार पहुंचे श्रद्धालु
शुक्रवार को प्रसिद्ध शक्ति पीठ आकर्षिणी माता के दरबार में आखान यात्रा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने मां आकर्षिणी की पूजा-अर्चना की। मां आकर्षिणी की पीठ पर पूजा-अर्चना के लिए कोल्हान के विभिन्न हिस्सों से लोग पहुंचे थे। श्रद्धालु तीन सौ फीट की ऊंचाई चढ़कर पहाड़ी पर स्थित मां आकर्षिणी के दरबार में पहुंचे..
संवाद सूत्र, खरसावां : शुक्रवार को प्रसिद्ध शक्ति पीठ आकर्षिणी माता के दरबार में आखान यात्रा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने मां आकर्षिणी की पूजा-अर्चना की। मां आकर्षिणी की पीठ पर पूजा-अर्चना के लिए कोल्हान के विभिन्न हिस्सों से लोग पहुंचे थे। श्रद्धालु तीन सौ फीट की ऊंचाई चढ़कर पहाड़ी पर स्थित मां आकर्षिणी के दरबार में पहुंचे। मन्नत पूरी होने पर दो हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बकरा, भेड़ा, मुर्गा व बतख की बली भी चढ़ाई। स्थानीय विधायक दशरथ गागराई, बासंती गागराई, पूर्व विधायक मंगल सिंह सोय भी मां के दरबार में पहुंच मत्था टेके और पूजा-अर्चना की। खरसावां समेत राज्य के विकास के लिए माता से मांगी मन्नत : खरसावां विधायक दशरथ गागराई ने शुक्रवार को पूरे परिवार के साथ आकर्षिणी माता के शक्ति पीठ पर पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि पर्यटन क्षेत्र के रूप में आकर्षिणी शक्ति पीठ को विकसित करने के लिए वे प्रयासरत हैं। विधायक फंड समेत पर्यटन विभाग से प्राप्त राशि से आकर्षिणी में विकास से संबंधित कई कार्य कराए गए है। उन्होंने अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि निजी व सरकारी स्तर पर शक्ति पीठ के विकास के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेगा। बस, मां आकर्षिणी की कृपा हम सभी पर बनी रहे। खरसावां के साथ-साथ हमारा राज्य विकास के मार्ग पर आगे बढ़े, माता से यही मन्नत मांगा हूं। मौके पर विधायक की पत्नी बासंती गागराई, पुत्र राहुल गागराई, रामजी सिंहदेव, प्रभाकर मंडल, उमेश सिंहदेव, जगदीश महतो, लखन बांदिया आदि उपस्थित थे। शिविर लगाकर की श्रद्धालुओं की सहायता : आकर्षिणी माता के पीठ पर आयोजित आखान यात्रा के अवसर पर विभिन्न संस्थानों ने शिविर लगाकर लोगों की सहायता की। आकर्षिणी पहाड़ी चढ़ने के दौरान चोट लगने पर महतो क्लिनिक की ओर से चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध कराया गया। इसके अलावा निर्मल महतो स्मारक सेवा समिति, आकर्षिणी पूजा समिति, मेला संचायन समिति व युवा जागृति क्लब रेंगोगोड़ा की ओर से शिविर लगाकर लोगों की सहायता की गई। आदर्श युवा समिति, जगन्नाथपुर की ओर से सहायता शिविर लगाकार भक्तों के बीच चना, गुड़ व पानी वितरण किया गया। इस दौरान पूर्व विधायक मंगल सोय ने कई स्टाल का उद्घाटन किया। श्री सीमेंट कंपनी ने श्रद्धालुओं के बीच बांटे एक हजार मास्क व सैनिटाइजर : श्री झारखंड सीमेंट प्लांट की ओर से शुक्रवार को शक्ति पीठ मां आकर्षिणी के दरबार में आयोजित आखान यात्रा के अवसर पर मास्क व सैनिटाइजर का वितरण किया गया। कंपनी की सीएसआर इकाई से श्रद्धालुओं के बीच 51 किलो लड्डू प्रसाद भी वितरण किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं के बीच एक हजार मास्क व सैनिटाइजर वितरण किया गया। मौके पर श्री सीमेंट की ओर से लोगों को कोरोना महामारी के प्रति जागरूक भी किया गया। इस अवसर पर कंपनी के प्रबंधक बीके त्रिपाठी, सीएसआर के बद्रीनाथ दे, दीपक रंजन मुंडा, सौरभ कुमार आदि उपस्थित थे।