सीआरपीएफ के जवानों ने चलाया स्वच्छता अभियान
सरायकेला के दुगनी स्थित 196 वाहिनी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों ने सफाई अभियान चलाया।
जागरण संवाददाता, सरायकेला : सरायकेला के दुगनी स्थित 196 वाहिनी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के मुख्यालय में बुधवार को महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती के मौके पर कमांडेंट बिरसा उरांव के नेतृत्व में अधिकारी व जवानों ने स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान के तहत सीआरपीएफ मुख्यालय परिसर एवं आसपास में सफाई अभियान चलाते हुए ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरुक किया गया। अभियान की समाप्ति के बाद अधिकारी एवं जवानों ने स्वच्छता की शपथ लेते हुए सिगल यूज प्लास्टिक का बहिष्कार करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि न प्लास्टिक का उपयोग करेंगे और न ही किसी को करने देंगे। इस मौके पर कमांडेंट बिरसा उरांव ने स्वच्छता ही सेवा अभियान को सफल बनाने की अपील करते हुए कहा कि देश की स्वच्छता राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का सपना था। उनके 150वीं जयंती पर भारत को स्वच्छ देश बनाने का संकल्प ही उनका सच्चा सम्मान होगा। अभियान में द्वितीय कमान अधिकारी दुर्गा राम, उप कमांडेंट अमित झा एवं सुबेदार सुरजीत सिंह समेत सभी अधिकारी व जवानों ने भाग लिया।