पेट्रोलियम पदार्थों के मूल्य वृद्धि के खिलाफ कांग्रेसियों ने निकाला मशाल जुलूस
पेट्रोलियम पदार्थों के मूल्य वृद्धि के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार को मशाल जुलूस निकाला। जिला अध्यक्ष छोटेराय किस्कू के नेतृत्व में बिरसा चौक से गैरेज चौक होते हुए पुराना बस स्टैंड चौक तक मशाल जुलूस निकाला गया। इस दौरान कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री के विरोध में जमकर नारेबाजी की..
जागरण संवाददाता, सरायकेला : पेट्रोलियम पदार्थों के मूल्य वृद्धि के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार को मशाल जुलूस निकाला। जिला अध्यक्ष छोटेराय किस्कू के नेतृत्व में बिरसा चौक से गैरेज चौक होते हुए पुराना बस स्टैंड चौक तक मशाल जुलूस निकाला गया। इस दौरान कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री के विरोध में जमकर नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष ने बताया कि शनिवार को सरायकेला नगर के पुराने बस स्टैंड परिसर में इस मुद्दे को लेकर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। मौके पर कांग्रेस के जवाहरलाल महली समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत सीआआरपीएफ ने बांटा सामान : शुक्रवार को रिडींग गांव में सीआरपीएफ की 157वीं बटालियन के कमांडेंट भूपाल सिंह के निर्देश पर सिविक एक्शन प्रोग्राम का आयोजन हुआ। मौके पर ग्रामीणों के बीच पानी रखने के बर्तन, कंबल, लालटेन आदि का वितरण किया गया। साथ ही उत्क्रमित मध्य विद्यालय के स्कूली बच्चों के बीच स्कूल बैग का वितरण किया गया। इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी नीरज सिंह राठौड़, उप कमांडेंट कुमार राकेश रंजन, खरसावां थाना प्रभारी प्रकाश रजक उपस्थित थे। मौके पर स्कूल के प्रधान शिक्षक सुजीत मंडल, कमांडर निरीक्षक जीतेंद्र कुमार, भूदेव कुमार, प्रसन्न महतो, संगीता महतो, सुभद्रा कुम्हार, दिनेश सिंहदेव, विजय सिंहदेव आदि उपस्थित थे। पत्नी के साथ मारपीट करने वाला पति गया जेल : राजनगर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर पंचायत स्थित खैरबानी गांव में पत्नी के साथ मारपीट करना पति को महंगा पड़ गया। शुक्रवार को पत्नी ने पति के खिलाफ राजनगर थाना में मामला दर्ज कराया है। पत्नी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपित पति चांदो मार्डी को गिफ्तार किया। जानकारी के अनुसार, गुरुवार की शाम चांदो मार्डी ने अपनी पत्नी नागो मार्डी पिटाई की थी। पत्नी की पिटाई करता देख ग्रामीणों ने तत्काल इस मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल नागो मार्डी को सीएचसी राजनगर में इलाज के लिए भर्ती कराया। इसके बाद नागो मार्डी ने अपने पति चांदों मार्डी के खिलाफ राजनगर थाना में मामला दर्ज कराया। नागो मार्डी के अनुसार चांदो मार्डी अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। साथ ही प्रताड़ित भी करता था। आरोपित चांदो मार्डी को जेल भेज दिया गया।