कृषि बिल के विरोध में कांग्रेसियों ने फूंका पीएम का पुतला
नए कृषि बिल के विरोध में कांग्रेस ने बुधवार को राजनगर में विरोध प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका। साथ ही केंद्र सरकार से इस बिल को वापस लेने की मांग की। प्रखंड अध्यक्ष भरत कुम्हार के नेतृत्व में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने प्रखंड मुख्यालय से राजनगर मुख्य बाजार तक जुलूस निकाला..
संवाद सूत्र, राजनगर : नए कृषि बिल के विरोध में कांग्रेस ने बुधवार को राजनगर में विरोध प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका। साथ ही केंद्र सरकार से इस बिल को वापस लेने की मांग की। प्रखंड अध्यक्ष भरत कुम्हार के नेतृत्व में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने प्रखंड मुख्यालय से राजनगर मुख्य बाजार तक जुलूस निकाला। इस दौरान कांग्रेसियों ने मोदी सरकार गद्दी छोड़ो, मोदी सरकार हाय-हाय, कृषि बिल वापस लो, वापस लो के नारे लगाए। इसके बाद हाता-चाईबासा मार्ग पर कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका। जिलाध्यक्ष छोट राय किस्कू ने कहा कि नए कृषि बिल से किसानों को पूंजीपतियों द्वारा गुलाम बना दिया जाएगा। एमएसपी खत्म करने की कोशिश की जा रही है। यह कानून किसानों की नहीं बल्कि पूंजीपतियों के हित में है। इससे किसानों का सिर्फ शोषण होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने सदन में बिना चर्चा किए बिल पास कर दिया। मोदी सरकार पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए कुछ भी कर सकती है। भाजपा सरकार संवैधानिक नियमों का गला घोंट रही है। इस दौरान कांग्रेसियों ने हाथरस घटना के दोषियों को सख्त से सख्त सजा देने व सीएम योगी से इस्तीफे की मांग की। मौके पर सांसद प्रतिनिधि विशु हेंब्रम, सांसद प्रतिनिधि मोतीलाल गौड़, जिला महासचिव डोमन महतो, जिला उपाध्यक्ष देवनाथ सिंह सरदार, राज बागची, लालबाबू सरदार, धनपति सरदार, मोनू झा, भूटा राउत, मनोज महतो, पप्पू राय, बनमाली सरदार, बादल टुडू, सूराय मुर्मू, अनिल दास, बासुदेव प्रधान, जयराम लोहार, सुधीर महतो, नकुल महतो आदि उपस्थित थे।