चांडिल डैम विस्थापितों की समस्याओं का करें समाधान : सविता महतो
चांडिल डैम विस्थापितों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने शुक्रवार को सुवर्णरेखा बहुद्देशीय परियोजना के प्रशासक ब्रजमोहन कुमार को 12 सूत्री मांग पत्र सौंपा। विधायक ने विस्थापितों लंबित समस्याओं के समाधान की मांग की है..
जागरण संवाददाता, सरायकेला : चांडिल डैम विस्थापितों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने शुक्रवार को सुवर्णरेखा बहुद्देशीय परियोजना के प्रशासक ब्रजमोहन कुमार को 12 सूत्री मांग पत्र सौंपा। विधायक ने विस्थापितों लंबित समस्याओं के समाधान की मांग की है। उन्होंने बताया कि विस्थापितों को मुआवजा, विकास पुस्तिका व अनुदान राशि आदि नहीं मिलने की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने परियोजना के प्रशासक से कहा कि पुनर्वास स्थल पर सरकार द्वारा निर्धारित सभी सुविधाएं उपलब्ध करायी जाएं। जरूरतमंद कार्ड धारियों को प्लॉट आवंटित कर पर्चा का वितरण किया जाए। इसके अलावा अवैध रूप से कब्जा किए गए प्लॉटों को मुक्त कराया जाए। इस अवसर पर विधायक ने परियोजना के अपर निदेशक कार्यालय में लंबित कार्यों का जल्द से जल्द निपटारा किए जाने की मांग की। उन्होंने बताया कि विस्थापितों के मुआवजा राशि का भुगतान करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्हें अविलंब तृतीय व चतुर्थवर्गीय पदों पर बहाल किया जाए। उन्होंने परियोजना प्रशासक को निर्देश दिया कि डैम का जलस्तर तब तक नहीं बढ़ाएं, जब तक विस्थापितों को पूर्ण रूप से विस्थापितों को पुनर्वास सुविधा न मिल जाए। इस क्रम में उन्होंने चांडिल डैम के किनारे बसे ग्रामीणों को लिफ्ट इरिगेशन संयंत्र स्थापित कर पानी उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि संबंधित क्षेत्रों में बसे किसान लाभान्वित हो सकें।