बाइक सवार ने स्कूटी में मारी टक्कर, दो महिला स्वास्थ्य कर्मी समेत तीन घायल
हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग पर सोमवार को खोकरो गांव के समीप सड़क दुर्घटना में दो महिला स्वास्थ्य कर्मी समेत एक बुजुर्ग घायल हो गए। घायलों को पुलिस पेट्रोलिंग वाहन से राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया..
संवाद सूत्र, राजनगर : हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग पर सोमवार को खोकरो गांव के समीप सड़क दुर्घटना में दो महिला स्वास्थ्य कर्मी समेत एक बुजुर्ग घायल हो गए। घायलों को पुलिस पेट्रोलिंग वाहन से राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। चिकित्सकों ने बताया कि दोनों महिला स्वास्थ्य कर्मियों के पैर व घुटने में चोट आई है, जबकि बुजुर्ग व्यक्ति के सिर के ऊपरी हिस्से में हल्की चोट आई है। जानकारी के अनुसार महिला स्वास्थ्य कर्मी अंजलि अग्रवाल व प्रतिभा नारायण सीएचसी राजनगर में पदस्थापित हैं। हाता से राजनगर आने के क्रम में खोकरो गांव के समीप एक तेज रफ्तार बाइक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। घटना के बाद बाइक चालक चाईबासा की ओर फरार हो गया। बाइक की टक्कर से दोनों महिला स्वास्थ्य कर्मी ने स्कूटी से अपना नियंत्रण खो दिया और एक साइकिल सवार बुजुर्ग से टकराते हुए सड़क पर गिर गईं। बुजुर्ग कमलपति महतो राजनगर क्षेत्र के बालीजुड़ी निवासी हैं। दुर्घटना के बाद गश्त कर रही पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने अपने वाहन से तत्काल घायलों को राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां घायलों का इलाज किया गया। डॉक्टरों ने बताया कि दोनों महिला स्वास्थ्य कर्मियों के पैर और घुटनों पर चोट आई है। बुजुर्ग को सर के ऊपरी हिस्से में हल्की चोटें आई है।