दोषियों को अविलंब करें गिरफ्तार नहीं तो भाजपा करेगा आंदोलन : डा. दिनेशानंद
सरायकेला नगर पंचायत के उपाध्यक्ष सह भाजपा के जिला कोषाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी के साथ बीते दिनों सरायकेला क्षेत्र में मारपीट हुई थी। इस घटना को लेकर भाजपाइयों में आक्रोश है..
जागरण संवाददाता, सरायकेला : सरायकेला नगर पंचायत के उपाध्यक्ष सह भाजपा के जिला कोषाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी के साथ बीते दिनों सरायकेला क्षेत्र में मारपीट हुई थी। इस घटना को लेकर भाजपाइयों में आक्रोश है। गुरुवार को भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा. दिनेशानंद गोस्वामी मनोज कुमार चौधरी के आवास पहुंचे और उनसे पूरे घटना की जानकारी ली। मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष विजय महतो, जिला संगठन प्रभारी जेबी तुबिद, समेत पूर्व जिलाध्यक्ष उदय सिंहदेव, जिला परिषद अध्यक्ष शकुंतला महाली, एसटी मोर्चा के प्रदेश कोषाध्यक्ष गणेश महाली, आदित्यपुर नगर निगम के डिप्टी मेयर बॉबी सिंह, भाजयुमो जिलाध्यक्ष अभिषेक आचार्य, सोहन सिंह समेत अन्य भाजपाई भी उपस्थित थे। डा. दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि जिले में जंगलराज की स्थिति उत्पन्न हो गई है। जब एक जनप्रतिनिधि सुरक्षित नहीं है तो आम जनता कैसे सुरक्षित रह सकती है। उन्होंने घटना की निदा करते हुए प्रशासन व पुलिस से अविलंब इस मामले में कार्रवाई कर दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की। कहा, पुलिस-प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की तो भाजपा इस मामले को लेकर व्यापक आंदोलन करेगी। कहा, झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं की गुंडागर्दी अब सरेआम हो चली है, जिससे सरायकेला की आम जनता भी त्रस्त है। जिला प्रशासन भी झारखंड मुक्ति मोर्चा के लोगों की साथ दे रही है। जिला संगठन प्रभारी जेबी तुबिद ने कहा कि पूरे घटनाक्रम को देखते हुए लग रहा है कि जिले की प्रशासन और पुलिस इस मामले को लेकर संवेदनशील नहीं है। उन्होंने उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक से मांग करते हुए कहा कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि आरोपितों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो भाजपा उग्र आंदोलन करेगी। जेबी तुबिद ने कहा कि शुक्रवार को जिलाध्यक्ष एसपी व डीसी से कार्रवाई करने की मांग को लेकर मिलेंगे और उन्हें एक सप्ताह की मोहलत देंगे। यदि एक सप्ताह के अंदर कार्रवाई नहीं की गई तो भाजपा पूरे जिले में धरना-प्रदर्शन करेगी। इस मामले को लेकर भाजपा राज्यपाल व डीजीपी से भी मिलेगी।