अनियमित विद्युत आपूर्ति से नाराज शहरवासियों ने किया सड़क जाम
अनियमित विद्युत आपूर्ति और पदाधिकारियों की अकर्मण्यता से नाराज उपभोक्ताओं का गुस्सा बुधवार को फूट गया। विभागीय पदाधिकारियों की कार्यशैली के विरोध में भाजपा नेता सह नगर पंचायत उपाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी के नेतृत्व में शहरवासियों ने विभागीय कार्यालय में ताला लगाकर कार्यालय के समक्ष सड़क जाम कर दिया। इस दौरान शहरवासियों ने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब एक घंटे से अधिक समय तक सड़क जाम रहा। इस कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। घंटे भर बाद अंचल अधिकारी सुरेश सिन्हा थाना प्रभारी मनोहर कुमार और सहायक अभियंता के आश्वासन के बाद आक्रोशित शहरवासियों ने सड़क जाम हटाया और कार्यालय का ताला खोला।
जागरण संवाददाता, सरायकेला : अनियमित विद्युत आपूर्ति और पदाधिकारियों की अकर्मण्यता से नाराज उपभोक्ताओं का गुस्सा बुधवार को फूट गया। विभागीय पदाधिकारियों की कार्यशैली के विरोध में भाजपा नेता सह नगर पंचायत उपाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी के नेतृत्व में शहरवासियों ने विभागीय कार्यालय में ताला लगाकर कार्यालय के समक्ष सड़क जाम कर दिया। इस दौरान शहरवासियों ने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब एक घंटे से अधिक समय तक सड़क जाम रहा। इस कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। घंटे भर बाद अंचल अधिकारी सुरेश सिन्हा, थाना प्रभारी मनोहर कुमार और सहायक अभियंता के आश्वासन के बाद आक्रोशित शहरवासियों ने सड़क जाम हटाया और कार्यालय का ताला खोला।
नगर पंचायत उपाध्यक्ष चौधरी ने कहा कि अनियमित व लचर विद्युत व्यवस्था से निजात दिलाने के लिए उपभोक्ताओं ने विभागीय पदाधिकारी से लेकर सचिव तक से मुलाकात और पत्राचार किया था। कहा, मेरे नेतृत्व में शहरवासियों ने दो साल पहले भी आंदोलन किया था। उस समय भी सहायक अभियंता द्वारा नगरवासियों के आंदोलन और मांग पर बिजली आपूर्ति की सुधार का आश्वासन दिया था, लेकिन नतीजा सिफर रही। उन्होंने कहा कि विद्युत सहायक अभियंता से पांच बिदुओं पर सात दिनों के अंदर जवाब मांगा गया है। अन्यथा विभाग के विरुद्ध शहरवासियों के साथ विचार-विमर्श कर आंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि विद्युत संबंधी शिकायतों के निवारण के लिए जवाबदेही तय करते हुए टास्क फोर्स गठित कर संपर्क नंबर सार्वजनिक करें। एबी स्विच नहीं रहने के कारण छोटी सी फॉल्ट होने पर पूरे सरायकेला की विद्युत सेवा बाधित कर दी जाती है। सरायकेला नगर क्षेत्र में कितने ट्रांसफार्मर में एबी स्विच लगाया गया है और नहीं लगाया गया है तो क्यों? पिछले पांच वर्षों से केबलिग का काम छोटे से सरायकेला में अभी तक क्यों नहीं पूरा हुआ? बिजली आपूर्ति के लिए मानव और तकनीकी संसाधन पर्याप्त मात्रा में है कि नहीं। यदि नहीं तो इसके संबंध में उच्चाधिकारियों को पत्राचार से संबंधित कागजात सार्वजनिक करें। तकनीकी एवं अन्य कारणों से बिजली बाधित होने का कारण सार्वजनिक करें। प्रशासनिक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, पत्रकार, थाना प्रभारी एवं विभाग के लोगों के साथ व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर जानकारी शेयर करें, जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा सूचना प्रकाशित करवाएं। वहीं भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष अभिषेक आचार्य द्वारा गांव में धीमे केबलिग एवं पंचायत स्तर पर बिल जमा करने की व्यवस्था करने का मांग की।