अज्ञात वाहन की चपेट में आकर बिहार के युवक की मौत
हाता चाईबासा मुख्य मार्ग एनएच 220 पर सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई।
संवाद सूत्र, राजनगर : हाता चाईबासा मुख्य मार्ग एनएच 220 पर राजनगर थाना क्षेत्र के केशरगढि़या और तेलाई के बीच अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना गुरुवार देर रात की है। गश्ती पर निकले पुलिस को शुक्रवार भोर करीब चार बजे सड़क पर पड़े युवक का क्षत-विक्षत शव मिला। सड़क किनारे मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त अवस्था में मिली। पुलिस शव को उठाकर राजनगर थाना ले आई। सुबह काफी देर बाद युवक की शिनाख्त हो पाई। युवक की पहचान उत्तम कुमार, पिता महेश राव के रूप में हुई। मृतक उत्तम कुमार (35) मूल रूप से बिहार के जहानाबाद जिला के हुलासगंज थाना के मुरगांव के रहने वाले थे। घटना की खबर सुनकर उसके रिश्तेदार एवं जहां वह कार्यरत थे, वहां के कर्मचारी राजनगर थाना पहुंचे। जानकारी के अनुसार उत्तम कुमार श्री चारभुजा अर्थमूवर्स कंपनी मानगो के अधीन कार्यरत था। वह कोवाली थाना क्षेत्र के जुड़ी स्थित क्रशर प्लांट में सुपरवाइजर के पद पर काम करता था। उत्तम कुमार राजनगर मुख्य बाजार स्थित महतो निवास में किराए की मकान में रहते थे। गुरुवार रात उसे हेंसल में देखा गया था। लेकिन वहां से उत्तम कब लौटे और चाईबासा की ओर कहां जा रहे थे किसी को पता नहीं। क्योंकि उसका डेरा राजनगर में है और वह इतनी रात को अपना डेरा छोड़ कर आगे चाईबासा की ओर कहां जा रहा था इसकी जानकारी किसी को नहीं। केशरगाड़िया और तेलाई के बीच सड़क पर उनका क्षत विक्षत शव पड़ा था। किसी बड़े वाहन से उनकी टक्कर हुई होगी। बाइक का आगे हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।