38 करोड़ लोगों को लग चुका है टीका : डा. गोस्वामी
भाजपा जिला कार्यालय में सोमवार को कोविड-19 की चुनौती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संकट का मुकाबला करता राष्ट्र विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य वक्ता भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिनेशानंद गोस्वामी उपस्थित थे..
जागरण संवाददाता, सरायकेला : भाजपा जिला कार्यालय में सोमवार को कोविड-19 की चुनौती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संकट का मुकाबला करता राष्ट्र विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य वक्ता भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिनेशानंद गोस्वामी उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि देश ने कभी सोचा नहीं था कि ऐसी चिकित्सकीय आपदा आएगी। परंतु प्रधानमंत्री के आह्वान पर देश में मास्क व पीपीई किट समेत सभी उपयोगी सामग्रियों का निर्माण शुरू हो गया। केंद्र सरकार ने सबसे बड़े टीकाकरण अभियान की शुरुआत की। आज देश के 38 करोड़ लोगों को टीका लगाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि कोरोना के दूसरे लहर में सरकार ने सेना के तीनों अंग थल सेना, जल सेना व वायु सेना को आपदा से लड़ने में लगाया। देश में पहली बार रेलवे ने ऑक्सीजन एक्सप्रेस चलाया। इसके अलावा कोरोना के कारण अनाथ हुए बच्चों को केंद्र की सरकार ने आजीवन सहारा देने का निर्णय लिया। उन्होंने अफसोस जाहिर करते हुए कहा कि इसके बावजूद विपक्ष गैर जिम्मेदाराना रवैए का परिचय देता रहा। वैक्सीन को भाजपा का वैक्सीन बताया और इसके बारे में गलत भ्रांतियां भी फैलाई।
भाजपा अनुसूचित जनजाति के प्रदेश कोषाध्यक्ष गणेश महली ने कहा कि आपदा की घड़ी से सकुशल बाहर निकालने में प्रधानमंत्री की सभी योजनाएं जनहित व राष्ट्रहित में हैं। मौके पर अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष संजय सरदार, भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष अभिषेक आचार्य, सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष मीनाक्षी पटनायक, संगठन प्रभारी जेबी तुबिद, उपाध्यक्ष राजा सिंहदेव, जिला महामंत्री मधु गोराई, चामी मुर्मू समेत भाजपा के सभी जिला पदाधिकारी व मंडल अध्यक्ष उपस्थित थे।