नीमडीह में 3194 मजदूरों को मिला मनरेगा में काम
संसू नीमडीह सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड क्षेत्र में मनरेगा की 234 योजनाएं शुरू
संसू, नीमडीह : सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड क्षेत्र में मनरेगा की 234 योजनाएं शुरू की गयी है। जिससे प्रखंड क्षेत्र के 3194 मजदूरों को रोजगार मिला है। इन योजनाओं को पूरा करने में करीब दो करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। नीमडीह प्रखंड विकास पदाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि प्रखंड क्षेत्र में 5931 मजदूर मनरेगा से जुड़े हैं। इनमें 4046 ने रोजगार के लिए आवेदन दिया था। प्रखंड क्षेत्र में बिरसा हरित गांव योजना के तहत प्रखंड क्षेत्र में 47 जगहों 41 एकड़ में फलदार व छायादार वृक्षों के पौधे लगाए जा रहे हैं। नीलांबर-पीतांबर जल समृद्धि योजना के तहत 20 जगहों पर बारिश का पानी रोकने के लिए मेढ़ बांधा जा रहा है। इसके अलावा अलग-अलग पंचायतों में सात तालाब और आठ कुआं बनाया जा रहा है। इसके अलावा गुंडा पंचायत के 11 प्रवासी मजदूरों को मनरेगा से जोड़कर उन्हीं के गांव में रोजगार मुहैया कराया गया है। बीडीओ ने बताया कि प्रखंड क्षेत्र में अब तक 827 प्रवासी मजदूर आ हैं। जिनमें अभी भी कुछ क्वारंटाइन सेंटर में हैं। जो प्रवासी मजदूर क्वारंटाइन सेंटर से बाहर आ रहे और रोजगार की मांग कर रहे हैं उन्हें रोजगार मुहैया कराने का प्रयास किया जा रहा है।