लक्ष्य 60 हजार क्विटल, 33 दिन की उपलब्धि मात्र 3600 क्विटल
जिले में इस साल 60 हजार क्विटल धान खरीद का लक्ष्य है लेकिन 33 दिन में मात्र 3600 क्विटल की खरीद हो पाई है। कई धान क्रय केंद्रों का अब तक खाता भी नहीं खुला है। ऐसे में 60 हजार क्विटल का लक्ष्य कैसे पूरा होगा यह बड़ा सवाल है।

जागरण संवाददाता, साहिबगंज : जिले में इस साल 60 हजार क्विटल धान खरीद का लक्ष्य है, लेकिन 33 दिन में मात्र 3600 क्विटल की खरीद हो पाई है। कई धान क्रय केंद्रों का अब तक खाता भी नहीं खुला है। ऐसे में 60 हजार क्विटल का लक्ष्य कैसे पूरा होगा यह बड़ा सवाल है। प्रारंभ में धान क्रय केंद्रों में वेट मशीन व नमी मापने वाले यंत्र की अनुपलब्धता की वजह से धान की खरीद नहीं हो पा रही थी तो अब अधिकारियों में आपस में तालमेल न होने की वजह से धान खरीद की रफ्तार धीमी होने की बात सामने आ रही है।
बताया जाता है कि एक किसान से 200 क्विटल तक ही धान लेना था, लेकिन धान क्रय केंद्रों से 50 क्विटल से अधिक धान बेचनेवालों को भी लौटाया जा रहा था। इस वजह से धान की खरीद की रफ्तार धीमी पड़ गई। मंगलवार को जिला आपूर्ति पदाधिकारी जयदीप तिग्गा को क्रय केंद्रों से किसानों को लौटाने की सूचना मिली। इसके बाद उन्होंने इसकी जांच-पड़ताल शुरू की तो पता चला कि जिला सहकारिता पदाधिकारी रवींद्र दास ने सभी लैंपस व पैक्स को एक किसान से 50 क्विटल से अधिक धान न लेने का निर्देश जारी कर रखा है। इससे किसान लौट रहे हैं। इस वजह से धान क्रय की रफ्तार धीमी है। इसके बाद जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने जिला सहकारिता पदाधिकारी को बुलाकर इस संबंध में पूछताछ की। जिला सहकारिता पदाधिकारी ने बताया कि जिला आपूर्ति कार्यालय के कंप्यूटर आपरेटर के माध्यम से यह जानकारी मिली थी कि 50 क्विटल तक ही धान एक किसान से लेना है जिसका पालन किया जा रहा था। निश्चित रूप से किसान घूम कर जाते होंगे। कहा कि डीएसओ से मिलकर पूरी बात समझ चुका हूं। अब धान क्रय में तेजी लायी जाएगी।
----
एक किसान से 200 क्विटल तक धान लेना है, लेकिन धान क्रय केंद्रों से 50 क्विटल से अधिक धान बेचनेवालों को भी लौटाया जा रहा था। इस बात की सूचना मिलने पर जिला सहकारिता पदाधिकारी पदाधिकारी को बुलाकर पूछताछ की गई है। उन्होंने स्वीकार किया है एक किसान से 50 क्विटल तक ही धान लेने का आदेश दिया गया था। इस वजह से धान खरीद की रफ्तार धीमी थी। अब उसमें तेजी आने की उम्मीद है। 31 मार्च तक 60 हजार क्विटल धान खरीद का लक्ष्य है।
जयदीप तिग्गा, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, साहिबगंज
Edited By Jagran