1520 अंक हासिल कर कोसका हाउस बना ओवरऑल चैंपियन
संत जेवियर्स हाई स्कूल (हिंदी) में रविवार को वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। उद्घाटन साहिबगंज कॉलेज के सेवानिवृत्त प्राचार्य एसपी यादव रेक्टर फादर मिल्की मिज प्राचार्य हेलरी डिसूजा प्रो. महेंद्र सिंह व एग्नेशियस लकड़ा ने झंडोत्तोलन व मशाल जलाकर किया।
संवाद सहयोगी, साहिबगंज: संत जेवियर्स हाई स्कूल (हिंदी) में रविवार को वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। उद्घाटन साहिबगंज कॉलेज के सेवानिवृत्त प्राचार्य एसपी यादव, रेक्टर फादर मिल्की मिज, प्राचार्य हेलरी डिसूजा, प्रो. महेंद्र सिंह व एग्नेशियस लकड़ा ने झंडोत्तोलन व मशाल जलाकर किया। मौके पर छात्र-छात्राओं द्वारा मार्च पास्ट किया गया। बच्चों ने खेलकूद में अनुशासन बरतने की शपथ ली।
मुख्य अतिथि ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद अति आवश्यक है। खेल के माध्यम से भी आप काफी आगे जा सकते है। आप भी राष्ट्रीय व अंतरर्राष्ट्रीय खिलाड़ी बन कर देश का नाम रोशन कर सकते है। प्रतियोगिता में हाउस कोसका, कैम्पियन, ब्रिटो व लोयला हाउस के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
इस दौरान बालक व बालिका वर्ग के 50,100,200 व 400 मीटर रेस, इंटर स्कूल रिले रेस, कंगारू रेस, बैलून रेस, चोकलेट रेस समेत अन्य प्रतियोगिताएं हुई। सबसे अधिक 1520 अंक प्राप्त कर कोसका हाउस ओवरऑल चैंपियन बना। 1320 अंक प्राप्त कर कैंपियन दूसरे, 1272 अंक प्राप्त कर ब्रिटो तीसरे तथा 1271 अंक प्राप्त कर लोयला हाउस चौथे स्थान पर रहा।
सफल बच्चे: बालक वर्ग के ए डिविजन में कोसका के बिटू मरांडी, बी डिविजन में कोसका के श्रवण कुणाल तथा बालिका वर्ग के ए डिविजन में ब्रिटो की मनीषा टूडू व बी डिविजन में लोयला हाउस की रेशमिता मरांडी चैंपियन बनी। मौके पर शिवेष झा, कौशल किशोर झा, अर्चना झा, वर्षा हांसदा, वीरेंद्र चौधरी, पुनिता, अमिता आदि मौजूद थे।