जागरण टीम, साहिबगंज/राजमहल : राजमहल के गुदारा घाट से स्टोन चिप्स लदे ट्रकों को लेकर सोमवार की शाम पश्चिम बंगाल के मानिकचक घाट पर पहुंचा जहाज अनियंत्रित हो गया। इससे उसपर लदे आठ ट्रक नदी में समा गए। जहाज पर दस ट्रक लदे हुए थे। जहाज रुकने के बाद एक ट्रक को उतारा गया था। दूसरे ट्रक को उतारने के क्रम में जहाज असंतुलित हो गया। छह चालक व चार खलासी को नदी से सकुशल निकाल लिया गया है। दो चालक, चार खलासी व जहाज के एक कर्मी के लापता होने की बात सामने आ रही है। जहाज व उसपर लदा एक ट्रक क्षतिग्रस्त हो गया है। सूचना मिलने के बाद मालदा जिला प्रशासन मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। राजमहल थाना प्रभारी चिरंजीत प्रसाद समेत अन्य लोग भी वहां पहुंचे। वे मामले की जानकारी ले रहे हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि दो-तीन लोग लापता हैं। विशेष छानबीन जारी है। बताया जाता है कि जहाज शाम करीब साढ़े छह बजे राजमहल से खुला था। करीब एक घंटा नदी पार करने में उसे लगता है। करीब साढ़े सात बजे वह वहां पहुंचा। उसी दौरान हादसा हुआ। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोग अपने परिजनों की जानकारी लेने के लिए गुदारा घाट पहुंच गए। इधर, गुदारा घाट पर लोगों की भीड़ बढ़ते देखकर वहां स्थित बुकिग काउंटर के कर्मचारी फरार हो गए। आठ ट्रकों में सात उधवा के एक व्यक्ति जबकि एक एक राजमहल के व्यक्ति का बताया जा रहा है। प्रशासन का राहत कार्य चल रहा है।
में कोरोना वायरस से जुडी सभी खबरे