बढ़ गए ऑक्सीजन सिलिंडर के दाम
साहिबगंज गंगा किनारे बसे साहिबगंज में स्वास्थ्य सुविधाएं काफी कम हैं। सदर अस्पताल में सामान्य
साहिबगंज : गंगा किनारे बसे साहिबगंज में स्वास्थ्य सुविधाएं काफी कम हैं। सदर अस्पताल में सामान्य रोगियों का ही उपचार होता है। स्थिति गंभीर होने पर उन्हें भागलपुर, मालदा या धनबाद रेफर कर दिया जाता है। मार्च से पहले सदर अस्पताल व गिने-चुने निजी नर्सिग होम में ही ऑक्सीजन की व्यवस्था थी। अब स्थिति में थोड़ा बदलाव हुआ है। सदर अस्पताल व राजमहल स्थित कोविड केयर सेंटर में ऑक्सीजन के सौ सिलिंडर की व्यवस्था की गई है। पहले यह मात्र 25 थी। अब आम लोग भी ऑक्सीजन सिलिंडर अपने घर पर रखने लगे हैं। छोटे-मोटे नर्सिग होम में भी इसकी व्यवस्था हो गई है। इस वजह से ऑक्सीजन सिलिंडर की मांग बढ़ी है परिणामस्वरूप उसकी कीमतों में भी वृद्धि हो गई है। हालांकि, ऑक्सीजन गैस की कीमत यथावत है।
देवघर से होती है आपूर्ति :
जिले का सबसे नजदीकी ऑक्सीजन प्लांट देवघर के जसीडीह में है। वैसे यहां सुल्तानगंज व पूर्णिया से भी ऑक्सीजन आता है। मार्च 2020 से पूर्व तक छह हजार रुपये में ऑक्सीजन का खाली सिलिंडर मिल जाता था। इसकी कीमत बढ़कर सात से आठ हजार हो गई है। वह भी बहुत आसानी से उपलब्ध नहीं है। पूर्व में भी इसको रिफिल कराने में 350 रुपया लगता था जो आज भी लग रहा है। जिले में ऑक्सीजन की उपलब्धता सामान्य है। मार्च 2020 तक जिला मुख्यालय में प्रतिमाह औसतन 50 सिलिडर की खपत होती थी जो इन दिनों बढ़कर 75 हो गई है। कोरोना के मात्र चार फीसद कोरोना मरीजों को ही ऑक्सीजन लगाने की जरूरत अब तक पड़ी है।
-----
जिले में ऑक्सीजन आपूर्ति की स्थिति सामान्य है। पहले औसतन 50 सिलिंडर की खपत होती थी। अब बढ़कर 75 हो गई है। पहले सदर अस्पताल, सूर्या सुपर स्पेशिएलिटी हॉस्पिटल जैसी गिनी-चुनी जगहों पर ऑक्सीजन की डिमांड थी। कोरोना के बाद अन्य नर्सिंग होम भी इसकी डिमांड कर रहे हैं। कोरोना के बाद खाली सिलिंडर की कीमत बढ़ गई है। गैस की कीमत यथावत है।
उत्तम कुमार मंडल, सोहानी ऑक्सीजन गैस एजेंसी, मिर्जाचौकी
------
स्वास्थ्य विभाग के के पास ऑक्सीजन की कमी नहीं है। आपूर्ति भी पर्याप्त संख्या में हो रही है। दम में भी बढ़ोतरी नहीं हुई है।
डॉ. डीएन सिंह, सिविल सर्जन, साहिबगंज