झारखंड की पुलिस ने दूसरी बार वारंटी की जगह अन्य को किया गिरफ्तार
jharkhand Police. झारखंड में साहिबगंज पुलिस ने दूसरी बार वारंटी की जगह अन्य को गिरफ्तार किया है।
जागरण संवाददाता, साहिबगंज। झारखंड की राधानगर (साहिबगंज) पुलिस का हाल अजीब है। वारंट किसी के नाम पर होता है, गिरफ्तार किसी और को कर लेती है। दो दिनों के अंदर राधानगर थाने में हुई दो-दो ऐसी घटनाओं से पुलिस की कार्यप्रणाली का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
अभी रविवार की रात जंगलपाड़ा से मोजीबुर शेख के स्थान पर पुलिस मजबूर शेख को उठा ले गई थी। इसके बाद सदमे में मजबूर शेख की 70 वर्षीय मां की मृत्यु हो गई। ग्रामीणों में आक्रोश देखते हुए पुलिस ने आननफानन में मजबूर को थाने से ही छोड़ दिया। अब ताजा मामला इससे भी रोचक है। राजमहल व्यवहार न्यायालय से सिमलाजोड़ी निवासी पगला मरांडी के नाम वारंट निर्गत हुआ था। पुलिस ने वारंट के आधार पर सोमवार रात सिमलाजोड़ी के ही ताला मरांडी को गिरफ्तार कर राजमहल न्यायालय में पेश किया, जबकि वारंट में स्पष्ट लिखा हुआ था कि पगला मरांडी के पिता का नाम कटका मरांडी है।
वहीं, गिरफ्तार किया गया ताला मरांडी मिस्त्री मरांडी का पुत्र है। इस पर राजमहल न्यायालय ने पुलिस को फटकार लगाते हुए न्यायिक हिरासत में लिए जाने का आवेदन लौटा दिया। ग्रामीणों ने बताया कि इसी मामले में पगला मरांडी के घर की कुर्की-जब्ती की जा चुकी है। बावजूद इसके पुलिस ताला मरांडी को गिरफ्तार कर थाना ले आई। ताला मरांडी के भाई मंगल मरांडी ने राधानगर थाना प्रभारी प्रयाग दास को इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि उसके भाई के खिलाफ राधानगर थाना में कोई मामला दर्ज नहीं है। यह भी कहा कि वारंट में आरोपित के पिता का नाम और ताला कि पिता का नाम भी अलग-अलग है।
मंगल मरांडी ने ताला मरांडी की गिरफ्तारी को अनुचित बताते हुए पुलिस को उसे छोड़ने को कहा। दूसरी ओर, न्यायालय से आवेदन लौटा दिए जाने के बाद भी देर शाम तक राधानगर पुलिस ने ताला मरांडी को नहीं छोड़ा। थानेदार का कहना है कि न्यायालय में केस रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। यदि ताला मरांडी पर कोई आरोप नहीं है तो उसे भी रिहा कर दिया जाएगा।