शराबी पति ने अपनी पत्नी को जलाया, गंभीर
बरहेट/तीनपहाड़ (साहेबगज) : बरहेट थाना क्षेत्र के रांगा स्थित जाहिर टोला में शनिवार की
बरहेट/तीनपहाड़ (साहेबगज) : बरहेट थाना क्षेत्र के रांगा स्थित जाहिर टोला में शनिवार की रात एक शराबी पति ने नशे में धुत होकर अपनी पत्नी पर किरासन तेल डालकर आग लगा दिया। जिससे वह बुरी तरह झुलस गई। मामले की जानकारी मिलते ही बरहेट थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर पीड़िता को एंबुलेंस से बरहेट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां उसका इलाज जारी है। इस संबंध में लड़की के पिता मनसा चित्रकार ने बताया कि उसका दामाद प्रेमलाल चित्रकार हमेशा बेटी को तंग करता था। शनिवार की रात नशे की हालत में दामाद घर पहुंचा और बेटी संध्या देवी पर किरासन डाल कर आग लगा दिया। जिससे वह बुरी तरह जल गई। घटना के बाद प्रेमलाल चित्रकार मौके से फरार हो गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
वहीं तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के पडरिया पंचायत क्षेत्र अंतर्गत खैरबनी लखन टोला गांव में बीती रात्रि आग से जलकर 27 वर्षीया महिला की मौत हो गई। बताया जाता है कि गांव के बबलु हेम्ब्रम की पत्नी सुकूर मुनी बासकी मानसिक रूप अस्वथ रहती थी। शनिवार की रात लगभग सात बजे लकड़ी के चूल्हा पर खाना बना रही थी। इसी क्रम में उसकी साड़ी में आग लग गई। यह देख पति बबलु हेम्ब्रम ने आग बुझाने की काफी कोशिश की। जिससे वह भी आग की चपेट में आकर झुलस गया। पति व पत्नी दोंनों को गंभीर स्थिति में ग्रामीणों ने को इलाज के लिए राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए सुकूर मुनी बासकी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए साहिबगंज रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही तीनपहाड़ थाना के प्रभारी परशुराम पासवान एवं सुरेंद्र उरांव शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पति का इलाज अस्पताल में चल रहा है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में यूडी केस दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।