गंगा पुल निर्माण आंदोलन में डा. शिवशंकर झा ने निभाई थी अग्रणी भूमिका
गंगा पुल निर्माण संघर्ष समिति के एलसी रोड स्थित प्रधान कार्यालय में बुधवार को शोकसभा हुई। इस दौरान डा. शिव शंकर झा दारोगा लालजी यादव व डा. बसंत कुमार पांडेय को श्रद्धांजलि दी गई।
संवाद सहयोगी, साहिबगंज : गंगा पुल निर्माण संघर्ष समिति के एलसी रोड स्थित प्रधान कार्यालय में बुधवार को शोकसभा हुई। इस दौरान डा. शिव शंकर झा, दारोगा लालजी यादव व डा. बसंत कुमार पांडेय को श्रद्धांजलि दी गई। यहां समिति के केंद्रीय अध्यक्ष अरविद कुमार गुप्ता ने कहा कि साहिबगंज कालेज के भौतिकी विभाग के प्रोफेसर डा. शिव शंकर झा गंगा पुल निर्माण संघर्ष समिति के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भी थे। अब हमारे बीच नहीं रहे, लेकिन उनकी स्मृति सदैव हमारे दिलों में रहेगी। गंगा पुल निर्माण आंदोलन में उनका संघर्ष सदैव स्मृतियों में अंकित रहेगा।
गंगा पुल आंदोलन में दो दशक तक उनकी अग्रणी भूमिका रही। उनकी कमी सदा खलती रहेगी। नवा बाजार थाना प्रभारी लालजी यादव कर्तव्यपरायण, ईमानदार एवं उत्तम छवि वाले पुलिस अधिकारी थे। उनकी मृत्यु पर सारा साहिबगंज स्तब्ध है। रूपा तिर्की के बाद लालजी यादव की मृत्यु से कई तरह का सवाल उठता है। हम सभी उनके परिवार के साथ हैं।
सामाजिक कार्यकर्ता विनोद कुमार यादव ने कहा कि डा. शिव शंकर झा 1975 में साहिबगंज महाविद्यालय में भौतिकी विभाग में व्याख्याता के पद पर अपना योगदान दिया। 2011 में प्रभारी प्राचार्य बनाए गए एवं 2012 में सेवानिवृत्त हुए थे। उन्होंने शैक्षणिक एवं सामाजिक के साथ-साथ राजनीतिक क्षेत्र में भी अपना योगदान दिया था। बहुत सारे आंदोलन में भी उनका सक्रिय भूमिका रही थी।
पूर्व पार्षद जयप्रकाश सिन्हा ने कहा कि डा. शिव शंकर झा अच्छे शिक्षक, नेक दिल इंसान एवं सबों के साथ उनके अच्छे संबंध थे। प्रो. शिव शंकर प्रसाद ने कहा कि संध्या महाविद्यालय डा. शिवशंकर झा की ही देन है। उन्होंने गंगा पुल, खासमहाल सहित कई आंदोलनों में सक्रिय भूमिका निभाई। इस मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता बसंत श्रीवास्तव, सुंदर प्रसाद शर्मा, संदीप कुमार अवस्थी, कमलेश ओझा, मुरली साह, अनिल सिन्हा, विजय यादव, रोहित यादव आदि थे।