दिव्यांगों को दया नहीं सहयोग की जरूरत
जागरण संवाददाता साहिबगंज प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी अजीत कुमार मिश्रा ने कहा कि दिव्या
जागरण संवाददाता, साहिबगंज : प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी अजीत कुमार मिश्रा ने कहा कि दिव्यांगों को दया नहीं सहयोग की जरूरत है। इसलिए अपने अपने क्षेत्रों में पंचायतों में रह रहे दिव्यांगों की समस्याओं का निदान करने में सहयोग करें। वे मंगलवार को दिव्यांग जनों के सशक्तीकरण में ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका विषय पर स्थानीय मारवाड़ी धर्मशाला के आयोजित कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। इसका आयोजन जोनल कॉर्डिनेशन कमेटी ईस्टर्न जोन ने किया था।
इसमें साहित्यकार विजय कुमार ने कहा कि दिव्यांग किसी पर बोझ नहीं हैं। यदि उनकी क्षमता प्रतिभा व योग्यता को समाज प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करें तो वह राष्ट्र के पुनर्निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान कर सकता है। सम्मानित अतिथि प्रीति झा ने कहा कि राज्य व केंद्र सरकार दिव्यांग जनों के लिए जितनी योजनाएं बनाती हैं उनको कार्यरूप देने का कार्य आप सभी ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों का ही है। यह एक चुनौतीपूर्ण कार्य है। ध्यान रहे कोई भी दिव्यांग सरकारी योजनाओं से वंचित ना रहे। अध्यक्षीय भाषण में शिवशंकर प्रसाद रमानी ने कहा कि भारतीय पुनर्वास परिषद भारत सरकार एक निकाय है जो दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण के लिए कार्य करती है। इसका ज्यादा से ज्यादा लाभ दिव्यांग जनों तक पहुंचाने में ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। मंच संचालन व धन्यवाद ज्ञापन कनवेनर कांत मनु चौरसिया ने किया। इस अवसर पर मुखिया एलिसमा कुमारी, अनिता देवी, सरोजिनी देवी, सुनील कुमार मंडल, संजय पासवान, प्रकाश चंद्र मंडल, हेमा देवी, उर्मिला देवी, सुनीता देवी, आशा देवी, ज्योति देवी, राजीव कुमार, राजेश सरोज आदि मौजूद थे।