बाल गृह में रह रहे युवक की गई जान
गंगा विहार पार्क के नजदीक स्थित बाल गृह में रह रहे एक युवक की बीते शुक्रवार को मौत हो गई। वह आसाम का रहनेवाला था।
साहिबगंज : गंगा विहार पार्क के नजदीक स्थित बाल गृह में रह रहे एक युवक की बीते शुक्रवार को मौत हो गई। वह आसाम का रहनेवाला था। शनिवार को मुनीलाल श्मशान घाट पर उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
लॉकडाउन के दूसरे चरण में आसाम के डंगका चिघाटू गांव का बबलू सिघा पैदल कहीं जा रहा था। उसे कोरोना जांच के लिए रोका गया। इसी क्रम में उसे उधवा क्वारंटाइन सेंटर भेज दिया गया। वहां कुछ दिन रहने के बाद उसे नाबालिग समझकर साहिबगंज बाल गृह में भेज दिया गया। तब से वह बाल गृह में रह रहा था। इस दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई। 13 अक्टूबर को उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। वह खाना नहीं खा रहा था। इस वजह से काफी कमजोर हो गया था। वहां से उसे 15 अक्टूबर को रेफर कर दिया गया लेकिन इसके बाद भी वह वहीं रहा। उसकी मौत के बाद यह खुलासा हुआ कि उसकी उम्र 20 साल के करीब थी। सदर अस्पताल के रजिस्टर पर भी उसकी उम्र 20 साल अंकित है।
बाल संरक्षण पदाधिकारी पूनम कुमारी ने बताया कि उधवा से उसे बाल गृह में भेज दिया गया था जहां वह रह रहा था। यहां रहने के दौरान उसकी उम्र अधिक होने की जानकारी मिली। इसके बाद उसे आसाम भेजने की तैयारी चल रही थी तभी उसकी तबीयत खराब हो गई। 13 अक्टूबर को उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। 15 अक्टूबर को उसे रेफर कर दिया गया। उसे बाहर भेजने की व्यवस्था की ही जा रही थी तभी उसकी मौत हो गई।