अराजक तत्वों ने काटी सड़क, 18 घंटे ठप रहा आवागमन
संवाद सहयोगी कोटालपोखर (साहिबगंज) अराजक तत्वों ने गुरुवार की शाम बरहड़वा-फरक्का मुख्
संवाद सहयोगी, कोटालपोखर (साहिबगंज) : अराजक तत्वों ने गुरुवार की शाम बरहड़वा-फरक्का मुख्य को जेसीबी की मदद से काट दिया। इससे करीब 18 घंटे तक इस मार्ग पर भारी वाहनों का परिचालन बाधित रहा। शुक्रवार दोपहर बाद से उक्त सड़क पर परिचालन शुरू पाया।
गुरुवार को राजमहल अनुमंडल पदाधिकारी रौशन कुमार साह के नेतृत्व में टास्क फोर्स ने बरहड़वा थाना क्षेत्र के तेतुलिया स्थित विश्वास कांटाघर व लालमाटी स्थित सहारा कांटाघर और मुनिया होटल के समीप एक पत्थर प्लांट को सील कर दिया था। बताया जाता है कि इससे नाराज लोगों ने बरहड़वा- फरक्का मुख्य पथ को बंगाल की सीमा में जेसीबी से काटकर आवागमन बाधित कर दिया। इसकी खबर पत्थर व्यवसायियों को मिली तो सभी सड़क काटनेवाले के खिलाफ एकजुट होने लगे। उधर, फरक्का पुलिस ने भी काटनेवाले की खोजबीन शुरू की। इसके बाद रात में ही कुछ लोगों ने काटी गई सड़क को भर दिया। सड़क भरते ही दोनों ओर कतारबद्ध वाहन जल्दी-जल्दी में निकलने लगे। इसी क्रम में एक ट्रक धंस गया जिससे पुन: वाहनों का आवागमन बाधित हो गया। काफी मशक्कत के बाद ट्रक को निकाला गया। इसके बाद ट्रकों का परिचालन शुरू हुआ। उधर, फरक्का थाने की पुलिस का कहना है कि सड़क काटनेवाले व्यक्ति को चिह्नित कर लिया गया है। शीघ्र ही उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब हो कि बरहड़वा व पतना के पत्थर व्यवसायियों का धंधा इसी पथ से चलता है। प्रतिदिन तकरीबन दो सौ से अधिक ट्रक का परिचालन उक्त सड़क पर होती है।
कांटाघर का लाइसेंस फेल : बरहड़वा में एसडीओ ने जिन दो कांटाघर को सील किया है उनमें से एक का लाइसेंस फेल है। समय पर उसका नवीकरण नहीं हुआ। वैसे जानकारों की मानें तो बरहड़वा जैसे चर्चित इलाके में लाइसेंस फेल होने के बाद भी धर्मकांटा का संचालन कई सवालों को जन्म देता है। स्टोन चिप्स का स्टाक लाइसेंस न होने के बाद भी जगह-जगह धड़ल्ले से उसकी खरीद बिक्री होती है। बताया जाता है कि मामले को मैनेज करने में कुछ लोग जुटे हुए हैं।