खदान में छापेमारी के दौरान भगदड़, ड्रिल मैन की मौत
राजमहल थाना क्षेत्र के कन्हैया स्थान निवासी अशोक रजक का शव मंगलवार को तालझारी थाना क्षेत्र के सकरीगली के समीप स्थित जमनी मौजा से बरामद किया गया। वह जमनी मौजा में संचालित भीम अर्जुन कंस्ट्रक्शन के पत्थर खदान में ड्रिल मशीन चलाता था।
संवाद सहयोगी, तालझारी (साहिबगंज) : राजमहल थाना क्षेत्र के कन्हैया स्थान निवासी अशोक रजक का शव मंगलवार को तालझारी थाना क्षेत्र के सकरीगली के समीप स्थित जमनी मौजा से बरामद किया गया। वह जमनी मौजा में संचालित भीम अर्जुन कंस्ट्रक्शन के पत्थर खदान में ड्रिल मशीन चलाता था। पुलिस का कहना है कि ट्रैक्टर के चक्के की चपेट में आने से उसकी मौत हुई है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि खदान में ड्रिल करने के दौरान हादसा हुआ और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कुछ लोगों का कहना है कि जिला प्रशासन की टीम जब जमनी मौजा में संचालित पत्थर खदान व क्रशरों की जांच करने पहुंची तो वहां हड़कंप मच गया। मजदूर इधर-उधर भागने लगे। इस बीच एक ट्रैक्टर जो पहाड़ से तीव्र गति से भाग रहा था उसका एक चक्का खुल गया और दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसी ट्रैक्टर से कन्हैयास्थान निवासी अशोक रजक भी भाग रहा था। ट्रैक्टर के दुर्घटनाग्रस्त होते ही वह नीचे गिर गए और चक्का में दबकर तत्काल ही मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही उनकी पत्नी सोर्मिला देवी एवं अन्य स्वजनों का रो रोकर बुरा हाल था। पत्नी सोर्मिला देवी अपने अन्य स्वजनों के साथ घटना स्थल पर पहुंची। स्वजनों ने बताया कि अशोक रजक करीब पांच साल से वहां काम करता था। उनके दो बेटे राहुल रजक व कृष्णा रजक एवं एक बेटी शिवानी कुमारी है। तालझारी थाना प्रभारी कैलाश कुमार का कहना है कि अभी तक हमें किसी ने लिखित शिकायत नहीं किया है। शिकायत आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।