आदिम जनजाति समाज के लोगों के बीच कंबल वितरित
जागरण संवाददाता साहिबगंज उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर सोमवार को सामाजिक सुरक्षा
जागरण संवाददाता, साहिबगंज : उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर सोमवार को सामाजिक सुरक्षा विभाग की ओर से शिविर लगाकर आदिम जनजाति समाज के गरीबों के बीच कंबल वितरित किया गया। नजारत उप समाहर्ता संजय कुमार की देखरेख में बड़ी संख्या में पहाड़ों से उतरकर कलेक्ट्रेट पहुंचे गरीबों व बेसहारों को लाइन लगाकर कंबल दिया गया। कंबल वितरण से पहले सभी का लिस्ट एवं आधार नंबर लिया गया। सोमवार को तालझारी, मंडरो एवं बोरियो के पहाड़ी क्षेत्र से काफी संख्या में लोग पहुंचे। उपायुक्त ने कड़ाके की सर्दी को देखते हुए यह निर्देश दिया कि सामाजिक सुरक्षा विभाग में सुरक्षित रखे गए कंबल का वितरण किया जाए। सोमवार को 680 कंबल वितरित कर दिया गया। कंबल लेने के लिए जोंकमारी, डेंबा, आतिदारी, कुमरिया, फुलभंगा, आमजोरी, करमपहाड़ एवं उसुरपी पहाड़ के पहाड़िया पहुंचे। सोमरा पहाड़िया ने बताया कि पहली बार उसे प्रशासन की ओर से कंबल मिला है। ठंड में इससे काफी राहत मिलेगी।