खनन विभाग के 126 बकाएदारों की होगी कुर्की
पत्थर खनन कर बेच लेने और रायल्टी जमा नहीं करनेवाले 126 बकाएदारों को गिरफ्तार किया जाएगा। गिरफ्तारी नहीं होने की स्थिति में उनकी संपत्ति कुर्क की जाएगी। इसके लिए खनन विभाग के नीलाम पत्र पदाधिकारी सह संताल परगना के उपनिदेशक ने वारंट निर्गत किया है। वारंट निर्गत होने के बाद जिले के पत्थर व्यवसायियों में हड़कंप मच गया है।
साहिबगंज : पत्थर खनन कर बेच लेने और रायल्टी जमा नहीं करनेवाले 126 बकाएदारों को गिरफ्तार किया जाएगा। गिरफ्तारी नहीं होने की स्थिति में उनकी संपत्ति कुर्क की जाएगी। इसके लिए खनन विभाग के नीलाम पत्र पदाधिकारी सह संताल परगना के उपनिदेशक ने वारंट निर्गत किया है। वारंट निर्गत होने के बाद जिले के पत्थर व्यवसायियों में हड़कंप मच गया है। कुछ लोगों के यहां मामूली राशि बकाया है। ऐसे व्यवसायी राशि जमा कराने के लिए खनन विभाग का चक्कर लगाने लगे हैं। वैसे कुछ लोगों के पास बकाया करोड़ों में है। जिले के पत्थर व्यवसायी विभाग की 20 करोड़ से अधिक राशि दबाकर बैठे हुए हैं। कई बार नोटिस देने के बाद भी संबंधित लोगों ने राशि जमा नहीं की। इसके बाद विभाग ने सभी के खिलाफ सार्टिफिकेट केस किया था। इसी दौरान सभी के खिलाफ वारंट निर्गत किया गया है। गौरतलब हो कि पूर्व में विभाग पत्थर व्यवसायियों को चालान निर्गत करता था। व्यवसायी उक्त चालान पर पत्थर व स्टोन चिप्स बेचकर विभाग को रॉयल्टी की राशि जमा करते थे। इस दौरान इन व्यवसायियों ने विभाग से चालान निर्गत करा लिया और उसपर स्टोन चिप्स बेच भी लिया लेकिन विभाग में राशि जमा नहीं करायी। सर्वाधिक दो करोड़ 41 लाख रुपया जय मां भवानी स्टोन वक्स के पास है। इस कंपनी में तीन पार्टनर हैं जिनमें वीरेंद्र स्वर्णकार, देव प्रीतम सिंह व विकास कुमार गुप्ता शामिल हैं। मिर्जाचौकी के अभयानंद भगत के पास विभाग का 69 लाख तो बाखरपुर दियारा के विकास यादव 35 लाख रुपया बकाया है। मंडल एंड चौरसिया स्टोन वक्स के अशोक मंडल, गणपति मंडल, मिकजिस चंद्र मंडल व अशोक चौरसिया के पास 15 लाख से अधिक का बकाया है। मालदा जिले के बच्चामारी गांव के अशोक सरकार करीब साढ़े चार लाख रुपया दबाए हुए हैं। जिला खनन पदाधिकारी विभूति कुमार ने बताया कि राशि वसूली के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।