खूब फब रहा ये डिजाइनर वेडिंग कलेक्शन... शादी-विवाह के सीजन में सज गया बाजार
Fashion. राजधानी के बाजारों में 5000 से 50,000 रुपये तक ब्राइडल लहंगे, अनारकली सूट, गाउन सरीखे वेडिंग कलेक्शन मिल रहे हैं, जो महिलाओं और युवतियों का मन माेह रही है।
रांची, जासं। शादी का सीजन शुरू होने वाला है। ऐसे में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि ऐसी पार्टी में क्या पहनें, जो ट्रेंडी और आकर्षक होने के साथ स्लाइलिश लुक भी दे। मार्केट भी वेडिंग सीजन को ध्यान में रखते हुए पूरी तरह से तैयार है। हर तरह के रंग, डिजाइन व रेंज में उपलब्ध वेडिंग कलेक्शन महिलाओं का मन मोह लेगी। शहर के डिजाइनर्स कहते हैं की लोगों की पसंद में बहुत अंतर आया है। पहले लाल रंग की डिमांड ज्यादा होती थी लेकिन अब ऐसा नहीं है। अलग-अलग रंगों की मांग युवतियां कर रही हैं। लेटेस्ट फैशन का ख्याल रख कर शादी की हर रस्म को खास बनाने के लिए बेहतरीन परिधान बाजार में उपलब्ध हैं।
दुल्हन को भा रही चिकनकारी और हैंड वर्क : यूं तो ज्यादातर लोगों को लहंगे में सीक्वेंस और स्टोंस से किया हुआ हैवी वर्क ही पसंद आता है लेकिन इस बार ब्राइडल लहंगे और साड़ी पर चिकनकारी और हैंडमेड वर्क लोगों को खूब भाएगा। इस वेडिंग सीजन गल्र्स के लिए खासतौर पर दुल्हन की ड्रेस में कई तरह के नए प्रयोग किए गए हैं। हैवी और सीक्वेंस वर्क के अलावा चिकन और हैंड वर्क भी मार्केट में मौजूद हैं।
इस तरह की होती है डिजाइन : इनमें फूल जाल, सिंधी कढ़ाई और शीशा वर्क, शैडो वर्क, शेड वर्क, नेट वर्क, एपलिक वर्क, फुलकारी स्टिच शामिल हैं। यह प्रयोग थोड़ा अलग है और साथ ही रिस्की भी लेकिन लोगों को यह पसंद आ रहा है। इनकी कीमत 5000 से 50,000 तक है।
जरी वर्क अभी भी है खास : प्योर जरी वर्क, रॉ सिल्क पर कढ़ाई, सीक्वेंस और मोतियों से किया हुआ काम भी नया और आकर्षक है। चिकन वर्क की हुई साड़ी और लहंगे इस सीजन सेंटर ऑफ अट्रैक्शन हैं।
शादी के लहंगे पर छाया कश्मीरी वर्क : इस बार ब्राइडल लहंगे पर कश्मीरी वर्क भी खूब चलन में है। सिल्वर के काम को खूब पसंद किया जा रहा है।
हैवी अनारकली सूट व गाउन की मांग : लड़कियां हैवी अनारकली सूट और ब्राइडल गाउन की भी खूब मांग कर रही हैं। लाइट शेड इस वेडिंग सीजन डिमांड में हैं। खासतौर पर ग्रीन कलर इस सीजन में काफी पसंद किया जा रहा है। इसके अलावा लाइट ब्लू, पिंक और पीच कलर भी ट्रेंड में हैं।
फैब्रिक पर दिया जा रहा विशेष ध्यान : वेडिंग डे को और खास बनाने के लिए इस बार सिटी डिजाइनर्स वर्क के साथ-साथ फैब्रिक पर भी एक्सपेरिमेंट कर रहे हैं। सिल्क फैब्रिक में वेडिंग आउटफिट डिजाइन किए जा रहे हैं। इनकी खासियत है कि यह हैवी वर्क के साथ भी कंफर्ट फील देंगे। इसमें ब्राइट कलर्स के भी ढेरों ऑप्शन हैं।
क्या कहते हैं डिजाइनर : आजकल दुल्हनें अपनी पसंद और मौसम को ध्यान में रखकर जोड़ा डिजाइन करवा रही हैं। ठंड के मौसम में सिल्क, नेट में लेस-मोती का प्रयोग हो रहा है। मुगल लुक इस बार ज्यादा पसंद रहा है। -संगीता मोदी, फैशन डिजाइनर
दुल्हन के जोड़े में काफी बदलाव आया है। अब सिर्फ लाल या मैरुन कलर नहीं होते, मल्टीकलर का जमाना है। येलो, ओरेंज, पिंक, फिरोजी का टशन दिख रहा है। गोल्डेन कलर भी खूब चल रहा है। -नेहा, फैशन डिजाइनर