फोन पर अश्लील बात करने का विरोध करने पर बदमाशों ने घर में घुसकर की मारपीट और छेड़खानी
रांची के खेलगांव इलाके के महुआटोली की रहने वाली एक युवती के साथ मारपीट की गई।
जागरण संवाददाता, रांची : रांची के खेलगांव इलाके के महुआटोली की रहने वाली एक युवती को कुछ बदमाशों ने फोन पर अश्लील कमेंट किया। इसके बाद अश्लील बातें की। विरोध करने पर उसके घर घुस गए और छेड़छाड़ और मारपीट की। बीच-बचाव करने आए पिता और बहन को भी पीटा और जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता ने खेलगांव थाने में एफआइआर दर्ज कराई है। जिसमें सूरज ठाकुर, संतोष मुंडा, अनु मुंडा और दिनेश सहित अन्य को आरोपित बनाया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि बीते मंगलवार को रिश्ते में बुआ से आरोपितों ने उनका मोबाइल नंबर लिया। इसके बाद बुआ ने उन्हें फोन कर कहा कि कुछ लड़के उससे बात करना चाहते हैं, कांफ्रेंस में ले रहे हैं। कांफ्रेंस में उक्त आरोपितों से बातचीत होने लगी। सूरज, संतोष, अनूज और दिनेश ने फोन पर ही अश्लील बातें शुरू कर दी। इसपर पीड़िता ने फोन काट दिया। इसके बाद आरोपितों ने दोबारा फोन कर धमकी दी कि वे अभी उसके घर आ रहे हैं। कुछ देर बाद ही 15 से 20 लड़के उसके घर पहुंच गए। युवती के साथ अश्लील हरकत की।विरोध करने पर बदसलूकी भी की। बीच-बचाव में आए पिता और बहन के साथ भी आरोपितों ने मारपीट की। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए सभी भाग निकले।
घर घुसकर दी धमकी, एफआइआर दर्ज
जागरण संवाददाता, रांची : खेलगांव थाना क्षेत्र के लालगंज की रहने वाली रीना कुमारी और उनकी मां को घर में घुसकर तीन लोगों ने जान से मारने की धमकी दी है। इस संबंध में रीना ने खेलगांव थाने में सोनालाल पहान, पुसुवा मुंडा और सचिन साहु के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। रीना का आरोप है कि तीनों आरोपित मंगलवार की रात घर आए। जबरन दरवाजा खुलवाया और धमकी दी कि हमारे दीवार पर जो करकट लगाया है, उसे हटा दें। ऐसा नहीं करने पर जान से मार देंगे। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।