पत्नी के साथ दुष्कर्म का विरोध करने पर पेट्रोल डालकर जला दिया, पुलिस ने किया गिरफ्तार Gumla News
Gumla News Jharkhand Crime News गुमला में राजू उरांव की हत्या के मामले में पुलिस ने अहिरटोली निवासी रोहित महतो मुरकुंडा व प्रदीप साहू मुरकुंडा को गिरफ्तार किया है। रोहित ने राजू की पत्नी के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया था।
पालकोट (गुमला), जासं। गुमला जिले के पालकोट थाना क्षेत्र में पत्नी के साथ दुष्कर्म का विरोध करने पर आरोपित ने उसके पति को पेट्रोल डालकर जला दिया। बघिमा छतर पहाड़ के पास सात अक्टूबर को एक अज्ञात युवक का अधजला शव पुलिस ने बरामद किया था। उसकी हत्या के बाद उसके शरीर पर पेट्रोल डालकर जला दिया था। शव की पहचान राजू उरांव मुरकुंडा के रूप में पुलिस ने की थी। राजू उरांव की हत्या मामले में पुलिस ने अहिरटोली निवासी रोहित महतो मुरकुंडा व प्रदीप साहू मुरकुंडा को गिरफ्तार कर लिया है। यह जानकारी एसपी एहतेशाम वकारिब ने पालकोट थाना में संवाददाता सम्मेलन कर दी।
उन्होंने बताया कि राजू उरांव के ट्रैक्टर के डाला को प्रदीप साहू ने बेच दिया था और रुपये देने में आना कानी कर रहा था। जबकि रोहित महतो ने मृतक राजू उरांव की पत्नी के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया था। इसकी जानकारी मृतक की पत्नी ने अपने पति राजू को दी थी। राजू उरांव ने जब रोहित को पकड़ा तो दोनों के बीच झगड़ा हो गया। तब रोहित ने राजू को देख लेने की धमकी दी।
इसके बाद रोहित व प्रदीप ने मिलकर राजू उरांव की हत्या करने की योजना बनाई और राजू उरांव को बहला-फुसला कर बुलाया और उसे शराब पिलाई। शराब पीने के बाद जब राजू नशे में धुत्त हो गया तो उसे छतर पहाड़ के पास ले गए और पत्थर से कूच कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव की पहचान न हो, इस उद्देश्य से मोटरसाइकिल से पेट्रोल निकाल कर राजू के शरीर पर डालकर आग लगा दी। आग से राजू के शरीर का ऊपरी हिस्सा पूरी तरह जल गया था। इससे उसकी पहचान नहीं हो पा रही थी।
पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकल व हत्या में इस्तेमाल पत्थर को जब्त कर लिया है। मामले के उद्भेदन के लिए टीम का गठन किया गया था। इसमें बसिया डीएसपी आनंद विकास लागुरी, इंस्पेक्टर बिनोद कुमार, पालकोट थाना प्रभारी राहुल झा, एसआइ संचित कुमार, एसआइ घनश्याम गोप व पुलिस बल शामिल थे।