दो बाइक की आमने-सामने की टक्कर में युवक की मौत, दो दिन पूर्व हुई थी शादी Garhwa News
Garhwa Samachar Jharkhand Road Accident News बिरकुंवर घाटी के ऊपर कलभर्ट के निकट दोनों बाइक की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इसमें पिंटू गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
केतार (गढ़वा), जासं। गढ़वा के केतार-खरौंधी मुख्य पथ के बिरकुंवर घाटी के निकट शनिवार की रात दो बाइक की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इसमें दासीपुर निवासी लल्लू साह का 23 वर्षीय पुत्र पिंटू कुमार गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल गढ़वा ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार पिंटू कुमार गुप्ता शनिवार की रात बाइक से दासीपुर से केतार बाजार की ओर जा रहा था। जबकि चेचरिया का एक युवक केतार से चेचरिया अपने घर जा रहा था।
बिरकुंवर घाटी के ऊपर कलभर्ट के निकट दोनों बाइक की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इसमें पिंटू गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों के सहयोग से केतार प्राइवेट हॉस्पिटल में इलाज के लिए लाया गया। यहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए गढ़वा भेज दिया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसकी जानकारी मिलने के बाद थाना प्रभारी संतोष कुमार एवं पीएसआइ संजय हेम्ब्रम ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेज दिया।
थाना प्रभारी के स्वजन के आवेदन के आलोक में नीरज चंद्रवंशी पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। स्वजनों ने बताया कि दो दिन पूर्व ही पिंटू की शादी हुई थी। इस घटना के बाद पिंटू के परिवार में खुशी गम में तब्दील हो गई है। इस मौके पर समाजसेवी मनोरंजन गुप्ता, रविन्द्र सोनी सहित कई गणमान्य लोगों ने उसके स्वजनों को ढाढस बंधाया।
दो दिन पहले हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार मृतक पिंटू कुमार गुप्ता की शादी विगत 20 मई 2020 को दासीपुर बलिगढ़ से पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के बरांव गांव में हुई थी। मृतक पिंटू कुमार गुप्ता अपने तीन भाइयों में छोटा था। शादी के दो दिन बाद ही खुशी गम में बदल गई। लोगों की जुबान पर होनहार पिंटू की चर्चा हो रही है, वहीं उसकी पत्नी कविता देवी के भविष्य की चिंता सता रही है।