पिता ने थप्पड़ मारा तो गुस्से में किशोरी ने पुल से लगाई छलांग Garhwa News
Garhwa Samachar Jharkhand News Hindi News छलांग लगाने के बाद लड़की बुरी तरह घायल हो गई। पिता उसकी मदद के लिए गुहार लगाता रहा। बाद में किशोरी को घायल अवस्था में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मझिआंव (गढ़वा), जासं। गढ़वा जिले के बरडीहा थाना क्षेत्र के सेमरी बंजारी गांव निवासी जयराम रजवार की 14 वर्षीय पुत्री रेणु कुमारी ने गुस्से में दवनकारा बांकी नदी रेलवे पुल से छलांग लगा दी। इससे किशोरी बुरी तरह घायल हो गई। उक्त किशोरी का दोनों हाथ व कमर टूट गया है। साथ ही सिर तथा चेहरे में भी गंभीर चोट लगी है। इस संबंध में प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती दौड़ते हुए रेलवे पुल पर बीचो बीच गई और लगभग 50 फीट की दूरी की ऊंचाई से छलांग लगा दी।
जानकारी के अनुसार जयराम रजवार अपनी पत्नी लालती देवी अपनी पुत्री रेणु कुमारी एवं एक नाबालिग बच्चा के साथ अपने गांव से ससुराल जाने के लिए पैदल रेलवे गुमटी पर ऑटो पकड़ने के लिए आ रहा था। इसी दौरान बीच रास्ते में ही किसी बात को लेकर जयराम रजवार ने रेणु कुमारी को एक थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद रेणु कुमारी गुस्सा गई तथा दौड़ते हुए रेलवे पुल पर आकर पुल से नीचे छलांग लगा दी।
घायल युवती के इलाज के लिए आस-पास मौजूद ग्रामीणों ने 108 पर एंबुलेंस के लिए संपर्क किया। आधा घंटा के अंदर घटना स्थल पर एंबुलेंस पहुंची तथा युवती को इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल ले जाया गया। उक्त घटना के बाद बहुत देर तक जयराम रजवार घायल बेटी की मदद के लिए लोगों से हाथ जोड़कर गुहार लगाता रहा।