तनाव को कम करने के लिए योग उत्तम उपाय, विद्यार्थी सूर्य नमस्कार व प्राणायाम जरूर करें
Ranchi Jharkhand Hindi News रांची विश्वविद्यालय द्वारा एक दिवसीय राष्ट्रीय योग वर्कशॉप का आयोजन ऑनलाइन किया गया। इस कार्यक्रम में बताया गया कि परीक्षा देने वाले विद्यार्थी योग के द्वारा किस प्रकार से तनाव कम कर सकत हैं।
रांची, जासं। Ranchi Jharkhand Hindi News कोविड-19 लॉकडाउन के उपरांत विद्यार्थियों को कई प्रकार की परीक्षाओं में शामिल होना पड़ रहा है। ऐसे में उनका तनाव बढ़ रहा है। तनाव को कम करने के लिए योग एक उत्तम माध्यम है। इसके अंतर्गत ध्यान प्राणायाम एवं योगासन शरीर और मन दोनों को स्वस्थ रखता है। यह बातें रांची विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर कामिनी कुमार ने शनिवार को स्कूल ऑफ योग रांची विश्वविद्यालय द्वारा ऑनलाइन आयोजित एक दिवसीय राष्ट्रीय वर्कशॉप कार्यक्रम में कही।
वर्कशॉप का विषय 'परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों में योग द्वारा किस प्रकार से तनाव कम किया जाए' था। सभी अतिथियों का स्वागत डॉक्टर टुलू सरकार, निदेशक, स्कूल ऑफ योग राज्य विश्वविद्यालय ने किया। जबकि कार्यक्रम का संचालन राजेश कुमार फैकल्टी स्कूल ऑफ योग ने किया। इस वर्कशॉप में भारत भर के लगभग 400 लोगों ने हिस्सा लिया। प्रथम टेक्निकल सेशन में डाॅ. संजय कुमार मुंडा एसोसिएट प्रोफेसर, सीआइटी रांची ने 'तनाव के कारणों का मनोवैज्ञानिक अध्ययन' विषय पर विस्तार से बताते हुए कहा कि छात्र पढ़ाई के अलावा अपनी अगल-बगल की चीजों से दिनचर्या से लेकर खानपान से तनाव में आते हैं।
अत: उन्हें मन को शांत और मेमोरी को तेज करने के लिए पूरे दिन का जो रूटीन है, उस पर ध्यान देना चाहिए। दूसरे टेक्निकल सेशन में डाॅ. प्रतिभा असिस्टेंट प्रोफेसर, विश्वविद्यालय भुवनेश्वर ने योगासनों का महत्व समझाते हुए यह बताया कि प्रत्येक विद्यार्थी को कम से कम 10 बार सूर्य नमस्कार तथा 10 मिनट प्राणायाम एवं ध्यान करना चाहिए। इससे उसके तनाव पर असर पड़ता है और मन शांत होता है। वर्कशॉप को सफल बनाने में डाॅ. परिणीता सिंह, मनोज सोनी, डाॅ. बीबी रॉय, सौरव निलेश, मनीष कुमार ,रोहित कुमार, संतोषी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। धन्यवाद ज्ञापन डाॅ. आनंद कुमार ठाकुर कोऑर्डिनेटर स्कूल ऑफ योग ने किया।