Yoga Day: वृक्षासन से बढ़ती है बच्चों की लंबाई, मन रहता है संतुलित
Jharkhand Hindi News Yoga Day योग संघ के कोडरमा जिला सचिव आकाश कुमार सेठ योग आसन से होने वाले लाभ के बारे में जानकारी देंगे। इस साल भी योग पर सार्वजनिक कार्यक्रम नहीं होंगे। ऑनलाइन योग सिखाया जाएगा।
झुमरी तिलैया (कोडरमा), जासं। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है। कोडरमा में लॉकडाउन होने के कारण लगातार दूसरे वर्ष भी योग दिवस पर सार्वजनिक कार्यक्रम नहीं होंगे। योग संघ के जिला सचिव आकाश कुमार सेठ योग आसन से होने वाले लाभ के बारे में जानकारी देंगे। उन्होंने बताया कि वृक्षासन से बच्चों की लंबाई तेजी से बढ़ने के साथ-साथ मन भी संतुलित रहता है एवं एकाग्रता बढ़ती है। उन्होंने कहा कि ताड़ासन करने से ढेरों लाभ मिलते हैं और इसका अभ्यास किसी भी उम्र के लोग कभी भी कर सकते हैं। जिन लोगों को निम्न रक्तचाप की समस्या है, उन्हें यह आसान नहीं करना चाहिए।
अभ्रख नगरी कोडरमा में आयुष मंत्रालय भारत सरकार के दिशा निर्देश के अनुसार ऑनलाइन अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा और ऑनलाइन जूम एप, गूगल मीट, एवं फेसबुक लाइव के माध्यम से कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। योग संघ के द्वारा सोमवार की सुबह 06:30 बजे 30 मिनट का सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। उसके बाद योग प्रोटोकॉल का अभ्यास कराया जाएगा। वहीं कार्यक्रम को लेकर रविवार को बच्चों के बीच कोविड 19 प्रोटोकॉल को पूरा करते हुए पूर्व अभ्यास कराया गया। बच्चों ने एक से बढ़कर एक योग का अभ्यास किया।
वहीं पतंजलि योग समिति के राज्यकार्यकारिणी के सदस्य सुरेश कुमार, जिला संयोजक डीलो साव, जिला अध्य्क्ष मनोज सिन्हा, महिला समिति की जिला प्रभारी कलावती देवी, महामंत्री चंद्रलता वर्णवाल के द्वारा रविवार को पूर्व अभ्यास कराया गया और कहा कि योग हमारे जीवन में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। योग का प्रतिदिन अभ्यास शरीर को स्वस्थ एवं संतुलन प्रदान करता है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर प्रदीप सुमन एवं सुषमा सुमन के द्वारा भी ऑनलाइन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा भाजपा और अन्य संगठनों ने स्कूल, कॉलेज में भी ऑनलाइन कार्यक्रम के आयोजन की तैयारी की है।