DSP के घर 20 लाख की चोरी मामले में नया मोड़, लड़की के पिता ने जताई यौन शोषण की आशंका Ranchi News
आरोपित लड़की के परिजनों ने राधानगर थाना को आवेदन देकर लड़की के यौन शोषण की आशंका जताई है। उन्होंने प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
रांची, जेएनएन। रांची में पदस्थापित एसीबी डीएसपी मुजीबुर्रहमान के घर 25 सितंबर की रात कथित रूप से हुई लाखों की चोरी मामले में अब भी संशय बना हुआ है। मामले में डीएसपी मुजीबुर्रहमान के नौकर रवि पंडित ने 27 सितंबर को प्राथमिकी दर्ज कराई। इसमें बाबुधन मुर्मू को नामजद किया गया है। इसी आधार पर पुलिस ने पिछले दिनों बाबुधन को गिरफ्तार कर रांची अपने साथ लेते गई लेकिन, पुलिस उसके पास से चोरी का कोई सामान बरामद नहीं कर सकी।
इस बीच रांची गए बाबुधन मुर्मू तथा लड़की के अन्य परिजनों ने पुंदाग ओपी प्रभारी से मिलने के बाद लड़की से मिलने की इच्छा जताई। परिजनों का कहना है कि पुंदाग पुलिस के पास जो सीसीटीवी फुटेज है। उसमें बाबुधन मुर्मू की कोई तस्वीर नहीं है व न ही बाबुधन मुर्मू के साथ बातचीत का सीडीआर सही है। चूंकि लड़की के पिता व बहनोई का नाम एक ही है। इधर पुनदाग पुलिस की पूछताछ में लड़की भी बराबर बयान बदल रही है।
कभी वह कहती है कि चोरी का सामान बहनोई को दे दिया तो कभी कहती हैं कि चोरी का सामान अपने बॉयफ्रेंड को दे दिया जो रांची में रहता है। पुंदाग पुलिस ने कई छात्रावासों में भी लड़की की निशानदेही पर तलाशी ली लेकिन चोरी मामले में कोई सफलता हासिल नहीं हुई है।
इधर, लड़की के परिजनों ने राधानगर थाना को आवेदन देकर लड़की के यौन शोषण की आशंका जताई है। उन्होंने प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, थाना प्रभारी ऋषिकेष राय ने अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की छानबीन के बाद ही प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।