ट्रैक्टर की चपेट में आने से मजदूर का पैर कटा, इलाज के दौरान मौत Koderma News
Jharkhand News Today. मंगलवार की सुबह पेवर ब्लॉक से लदा ट्रैक्टर को चालक द्वारा रोड से किनारे किया जा रहा था। इसी क्रम में नाली के ओट पर बैठा मजदूर इसकी चपेट में आ गया।
कोडरमा, जासं। ट्रैक्टर की चपेट में आकर पैर कटने से घायल मजदूर की मौत कोडरमा सदर अस्पताल में हो गई। गंभीर अवस्था में सदर अस्पताल लाए जाने के बाद यहां डॉक्टर इन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रिम्स भेजने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान उसने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों के अनुसार पैर कटने के बाद मजदूर का अत्यधिक रक्तस्राव हो गया था। इसके कारण उसकी मौत हो गई। कोडरमा जिले के झुमरी तिलैया एड्डी बंगला रोड में मंगलवार की सुबह एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से पेवर ब्लॉक बिछाने के कार्य में लगे मजदूर का बायां पैर कटकर शरीर से अलग हो गया। मजदूर की पहचान 60 वर्षीय राजकुमार साव, पिता नंदलाल साव चित्रगुप्त नगर झुमरीतिलैया निवासी के रूप में की गई है। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक अपना ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया।
बताया जाता है अडडी बंगला रोड में संवेदक उमेश साहू का पेवर्स ब्लॉक बिछाने का कार्य चल रहा था। मंगलवार की सुबह पेवर ब्लॉक से लदा ट्रैक्टर को चालक द्वारा रोड से किनारे किया जा रहा था। इसी क्रम में नाली के ओट पर बैठा मजदूर का पैर ट्रैक्टर के चक्के से बुरी तरह दब गया और उसका बायां पैर शरीर से कटकर अलग हो गया। स्थानीय लोगों द्वारा आनन-फानन में मजदूर को उठाकर कोडरमा सदर अस्पताल ले जाया गया है। वहीं घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया है।