झारखंड: गढ़वा में बस की चपेट में आने से महिला की मौत, मुआवजा के लिए सड़क जाम
बस की चपेट में आकर एक महिला की मौत हो गयी। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजा की मांग करते हुए खरौंधी केतार मुख्यपथ को जाम कर दिया।
गढ़वा, जासं। गढ़वा जिले के खरौंधी थाना अंतर्गत उपस्वास्थ्य केंद्र कूपा के समीप सोमवार को बस की चपेट में आकर एक महिला की मौत हो गयी। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजा की मांग करते हुए खरौंधी केतार मुख्यपथ को जाम कर दिया। ग्रामीणों ने बताया की उत्तर प्रदेश के बागेसोती समइलवा निवासी राजकुमार उरांव सुबह अपनी पत्नी सोनकली देवी 42 वर्ष का दासीपुर से इलाज करा कर मोटरसाइकिल से घर वापस लौट रहा था।
उपस्वास्थ्य केंद्र कूपा के समीप खरौंधी से केतार जा रही मारुति नंदन बस को साइड देते समय सोनकली देवी मोटरसाइकिल से असंतुलित होकर नीचे गीर गयी। गिरते ही सोनकली देवी बस के नीचे चली गयी। बस का पिछला पहिया सोनकली देवी के ऊपर चढ़ गया। जिससे उसकी मौत घटना स्थल पर ही हो गयी।
इस घटना की जानकारी मिलने का बाद उपप्रमुख गोरखनाथ चौधरी तथा मुखिया बैजू गुप्ता घटनास्थल पर पहुंचकर लोगो को समझा बुझाकर शांत कराया। साथ ही इसकी सूचना खरौंधी थाना को दी। पीएसआई सदानंद कुमार, कृष्णा कुशवाहा, कमलेश कुमार महतो, एएसआई सुनील कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाते हुए शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिये गढ़वा भेज दिया।