शराब और गुटखा की लत नहीं छोड़ने पर पत्नी ने बेटे के साथ दे दी जान
jharkhand crime news 13 जनवरी 2022 की सुबह विवाहिता ताना बनर्जी और 15 जनवरी 2022 को बेटे ऋषि का मिला शव। मूलरूप से झारखंड के धनबाद जिले का रहने वाला है विवाहिता का पति कौशिक। उसने ताना बनर्जी से प्रेम विवाह किया था। आइए पढ़ते हैं पूरी कहानी-
रांची, जागरण संवाददाता। शराब और गुटका की लत नहीं छोड़ी तो पत्नी और नौ वर्षीय बेटे ने सदा के लिए साथ छोड़ दिया। पति के शराब की लत से आजिज पत्नी रांची के बड़ा तालाब में अपने बच्चे के साथ छलांग लगा दी। गत 13 जनवरी 2022 को महिला तो 15 जनवरी 2022 को बच्चे का शव कोतवाली थाने की पुलिस ने बरामद किया है।
रांची में किराए के मकान में रहता है पति
मृतका की पहचान ताना बनर्जी और बच्चे की पहचान ऋषि बनर्जी के रूप में हुई है। मृतका के पति कौशिक बनर्जी सुखदेवनगर के देवी मंडप रोड में किराए के मकान में रहकर नौकरी करता है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव कौशिक को सौंप दिया।
धनबाद के भूली का रहने वाला है कौशिश
कौशिक मूलरूप से धनबाद के भूली का रहनेवाला है। बाकुड़ा के सिनामुखी निवासी ताना मुखर्जी से उसने 2012 में प्रेम विवाह किया था। विवाह के दो साल बाद ऋषि का जन्म हुआ था। कौशिक के पिता की पूर्व में किडनी बीमारी से मौत हो गई थी। वहीं, बहन की दुर्गापुर में शादी हुई है।
तुम सुधरने वाले नहीं हो, मैं चली...
कौशिक के अनुसार 12 जनवरी 2022 की रात वह एक जगह बैठकर शराब पी रहा था। इसी बीच पत्नी का फोन आया। पूछने पर मैंने पीने और जल्द आने की बात कही। इस पर ताना ने फोन पर ही कहा कि तुम सुधरने वाले नहीं हो। मैं चली..., अब जीवन भर बैठकर पीते रहना। यह कहकर ताना बनर्जी ने फोन काट दिया।
शराब की लत ने मेरी जिंदगी उजाड़ दी
रात में जब घर लौटा तो पत्नी और बच्चे गायब मिले। मैंने समझा कि वह गुस्से में आकर कहीं चली गई होगी, आ जाएगी। इस बीच कई जगहों पर उसकी तलाश भी की। इस बीच इंटरनेट मीडिया पर शव की तस्वीर वायरल होने के बाद पहले पत्नी और फिर बेटे के खो बैठने की जानकारी मिली। शराब की लत ने मेरी जिंदगी उजाड़ दी।