Weather Forecast: राहत लेकर आ रहीं बारिश की बूंदें, जानें- आज कैसा रहेगा मौसम; अपने शहर का हाल
Weather Update मौसम पूर्वानुमान में 2 जून तक राजधानी रांची तथा आसपास के इलाकों में गरज के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। खुशनुमा मौसम के बीच बादल छाए रहेंगे।
रांची, जेएनएन। Weather Update News झारखंड के कई इलाकों में आज बारिश के आसार हैं। लगातार चढ़ रहे पारा और बढ़ रही तपिश के बीच शुक्रवार को बारिश की बूंदें जनजीवन को राहत देंगी। मौसम केंद्र, रांची के पूर्वानुमान पर भरोसा करें तो आज से चार दिनों तक तापमान में चार डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा सकेगी। इससे राज्य के अधिकतर जिलों में उमस से परेशान लोगों को थोड़ा आराम मिलेगा। 2 जून तक राजधानी रांची तथा आसपास के इलाकों में गरज के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। खुशनुमा मौसम के बीच बादल छाए रहेंगे।
मौसम विभाग के निदेशक डॉ एसडी कोटाल ने बताया कि तीन दिनों से झारखंड के कई इलाके हीट वेव की चपेट में हैं। खासकर उत्तर-पश्चिमी जिले गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार में लू से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। पलामू में भीषण गर्मी का आलम यह है कि यहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री तक पहुंच गया है। हालांकि आज से तीन दिनों तक चैन-सुकून का अनुभव होगा। राज्य के अधिकतर जिलों में मौसम खुशगवार बना रहेगा। बंगाल की खाड़ी में हवा की दिशा बदली है। इससे प्रदेश के कई शहरों में तेज हवाएं चलेंगी। बादलों के बीच गरज के साथ वज्रपात और मध्यम दर्जे की बारिश के पूरे आसार हैं।
बताया गया है कि बीते 24 घंटे में राज्य के पाकुड़ और गोड्डा जिले में कई जगहों पर बारिश हुई है। गोड्डा, पाकुड़, पकुड़िया, महगामा, पत्थरगामा और महेशपुर में 10 मिमी तक वर्षापात दर्ज की गई है। मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक 31 मई और एक जून को प्रदेश के मध्य पूर्वी जिलों में बारिश की संभावना है। 2 जून को दक्षिण मध्य जिलों में वज्रपात के साथ बारिश का अनुमान है। ताजा मौसम रुझानों के बारे में कहा गया है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश से असम तक समुद्रतल के ऊपर डेढ़ किलोमीटर क्षेत्र में पूर्व-पश्चिम दिशा में टर्फ लाइन बना हुआ है। इससे मौसम में खासा बदलाव दिखेगा। मौसम का मिजाज बीते दिनों के मुकाबले नरम रहेगा।