उत्तर प्रदेश में जीतेंगे 350 से ज्यादा सीट
रांची में फिल्म एक्टर और गोरखपुर से सांसद रवि किशन फिल्म एके-47 की शूटिंग के सिलसिले में रांची में हैं।
मनोरंजन, रांची : रांची में फिल्म एक्टर और गोरखपुर से सांसद रवि किशन फिल्म एके-47 की शूटिग कर रहे हैं। वो दो दिनों की शूट के लिए बुधवार को रांची पहुंचे। रांची पहुंचने के बाद उन्होंने कहा कि रांची बहुत खुबसूरत शहर है। यहां की प्राकृतिक सुंदरता फिल्म शूट करने के लिहाज से बहुत अच्छी है। उन्होंने कहा कि झारखंड में बनने वालीं फिल्मों से शूट के कारण ही अब झारखंड-बिहार के नए कलाकारों को मुंबई में मौका मिल रहा है। इससे राज्य के युवाओं में अच्छी फिल्म के प्रति रुचि बढ़ी है। लोग जिज्ञासु होकर फिल्म की शूटिग को देखने और समझने की कोशिश कर रहे हैं। रवि किशन ने उत्तर प्रदेश में होने वाले चुनाव के बारे में पूछने पर कहा कि जनता उत्तर प्रदेश में होने वाले चुनाव में एक बार फिर से विकास को चुनेगी। हमने उत्तर प्रदेश में परिवारवाद के खिलाफ विकास को खड़ा किया है। राज्य की जनता ने प्रदेश में विकास को देखा है। एक्सप्रेस वे से लेकर स्कूल कालेज तक खुले हैं। हमारा दावा है कि हम आने वाले विधानसभा चुनाव में 350 से ज्यादा सीट जीतेंगे। जनता इस बार फिर से चुनाव में राज्य के विकास पर मोहर लगाएगी।
रांची में पहले भी हो चुकी है रवि किशन के फिल्म की शूटिंग
सांसद सह सिने कलाकार रवि किशन की फिल्मों की शूटिंग रांची व आसपास के लोकेशनों पर पहले भी हो चुकी है। यह शहर उनके लिए पसंदीदा जगह रहा है। पिछले कुछ महीनों के दौरान वे कई बार फिल्म शूटिंग के सिलसिले में रांची आ चुके हैं।