Mission One Million Smiles: प्रभात तारा हाई स्कूल परिसर में एचईसी इलाके के जरूरतमंद लोगों के बीच बांटे गर्म कपड़े
Mission One Million Smiles मिशन वन मिलियन स्माइल्स अभियान के तहत एचईसी क्षेत्र अंतर्गत आसपास की कालोनियों में रह रहे जरूरतमंद लोगों के बीच गर्म कपड़ों का वितरण किया गया। गर्म कपड़े प्राप्त करने वालों में ज्यादातर लोग बुजुर्ग थे। सभी को कंबल एवं गर्म टोपियां प्रदान की गईं।
रांची,जासं। मिशन वन मिलियन स्माइल्स अभियान के तहत एचईसी क्षेत्र अंतर्गत आसपास की कालोनियों में रह रहे जरूरतमंद लोगों के बीच गर्म कपड़ों का वितरण किया गया। गर्म कपड़े प्राप्त करने वालों में ज्यादातर लोग बुजुर्ग थे। उक्त सभी को प्रभात तारा हाई स्कूल परिसर में एकत्रित कर सामूहिक रूप से वस्त्र वितरण का कार्यक्रम रखा गया। सभी को कंबल एवं गर्म टोपियां प्रदान की गईं।
मौके पर सेंट जेवियर समूह के प्रोविंस फादर अजीत खेस, सेंट जेवियर स्कूल डोरंडा के प्रधानाचार्य संजय केरकेट्टा, एचईसी के उप महाप्रबंधक रामजी, उप समाहर्ता संजय कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता अतुल गेरा, फादर फूलदेव सहित विद्यालय प्रबंधन से जुड़े सभी महत्वपूर्ण लोग मौजूद थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अजीत खेस ने कहा कि प्रदान करने और प्राप्त करने दोनों ही मामले में जिस नैसर्गिक खुशी की अनुभूति होती है, वह अकल्पनीय है। इसलिए समाज के हर व्यक्ति को अपने अपने स्तर से इस समाज के प्रति अपना यथायोग्य योगदान देते रहना चाहिए। भले ही यह योगदान आर्थिक, बौद्धिक या वैचारिक किसी रूप का हो, पर हर व्यक्ति के पास कुछ न कुछ देने के लिए अवश्य ही होता है। कार्यक्रम का संचालन फादर संजय केरकेट्टा ने किया।
उप समाहर्ता संजय कुमार ने कहा कि इस मुहिम के तहत इस सर्दी के मौसम में सामाजिक प्रशानिक सहयोग से एक मिलियन लोगों तक ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े, यथा स्वेटर, शाल, कंबल, गर्म टोपी और मोजे आदि पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है और लागों से मिल रहे उत्साहजनक सहयोग के कारण हमें यह प्रतीत हो रहा है कि हम जल्द ही यह लक्ष्य हासिल कर लेंगे।