वार्ड पार्षद ने कहा, बांटने के लिए सरकार ने इस बार कम दिए कंबल, कम से कम 1000 कंबल दिए जाने चाहिए
रांची नगर निगम के वार्ड संख्या 30 की वार्ड पार्षद रीमा देवी ने इस साल वार्ड पार्षदों को कम कंबल दिए जाने का मामला उठाया है। उन्होंने कहा कि पिछले साल की तुलना में इस साल दोगुना कंबल दिए जाने चाहिए थे।
रांची,जासं। रांची नगर निगम के वार्ड संख्या 30 की वार्ड पार्षद रीमा देवी ने इस साल वार्ड पार्षदों को कम कंबल दिए जाने का मामला उठाया है। उन्होंने कहा कि पिछले साल की तुलना में इस साल दोगुना कंबल दिए जाने चाहिए थे। लेकिन सरकार ने कंबलों की संख्या कम कर दी है। महज सौ- सौ कंबल ही दिए हैं। जबकि कोरोना के चलते लोग बेरोजगार हुए हैं। इसलिए इस साल बांटने के लिए वार्ड पार्षदों को कम से कम 1000 कंबल दिए जाना चाहिए थे।
उन्होंने मांग की कि सरकार और कंबल का इंतजाम करे। वार्ड पार्षद ने अपने वार्ड में जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण किया है। मौके पर उन्होंने 140 जरूरतमंदों के बीच कंबल बांटे हैं। कंबल वितरण के बाद वार्ड पार्षद रीमा देवी ने कहा कि उनके इलाके में जरूरतमंदों की संख्या अधिक है। इसके बाद भी नगर निगम की तरफ से महज सौ कंबल ही उपलब्ध कराए गए हैं। वह अपने पास से मिलाकर कंबल का वितरण कर रही हैं। नगर निगम के तरफ से जो कंबल उपलब्ध कराए गए हैं, वह जरूरत से बेहद कम हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार को चाहिए कि वार्ड पार्षदों को कम से कम 1000 कंबल दे। ताकि वार्ड के सभी जरूरतमंदों को कंबल दिया जा सके। रीमा देवी ने कहा कि वर्तमान समय में वार्ड में चार करोड़ रुपये की लागत से सड़क नाली और कल्वर्ट का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा जल संकट वाले क्षेत्र को चयनित कर जल्द ही वहां डीप बोरिंग भी करवाई जाएगी। मौके पर भाजपा नेता रमेश सिंह, सुखदेव नगर मंडल अध्यक्ष ओमप्रकाश पांडे, पार्षद प्रतिनिधि दिलीप गुप्ता, अंकित सिंह, गुड्डू यादव, गोविंदा पासवान, मोनू मिश्रा आदि मौजूद थे।