सोच समझकर जिम्मेदारी से करें वोट
विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद रांची के लोगों में मतदान के अधिकार के प्रति जागरूकता बढ़ी है।
जागरण संवाददाता, रांची : विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद रांची के लोगों में मतदान के अधिकार के इस्तेमाल को लेकर अभी से उत्साह देखने को मिल रहा है। चुनाव आयोग और कई संस्थाओं के द्वारा भी लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है। दैनिक जागरण के मुहिम मेरा वोट, मेरा अधिकार के प्लेटफार्म पर आम मतदाताओं ने खुलकर अपनी राय जाहिर की। मैं हर बार वोट देने के लिए जरूर जाता हूं। इसके साथ ही कोशिश करता हूं कि और लोगों को भी वोट देने के लिए प्रेरित करुं। वोट देने अधिकार ही नहीं आम लोगों की जिम्मेदारी भी है। इसे हर किसी को समझने की जरुरत है।
सुभाष साह
मैं अपने परिवार के साथ वोट देने जाता हूं। हमारे कॉलोनी में कई टोलियां बना के वोट डालने जाते हैं। वोट देना इसलिए भी आवश्यक है क्योकि इससे हमें अपने प्रतिनिधि को चुनने का मौका मिलता है।
शत्रुघन झा
पांच साल में एक बार अपना प्रतिनिधि चुनने का मौका मिलता है। अगर एक बार गलत प्रतिनिधि चुन लिया गया तो उसे पांच सालों को झेलना पड़ेगा। हमें अपना वोट सोच समझकर और जिम्मेदारी से देना चाहिए।
मनोज राय
हम जैसे प्रत्याशी का चुनाव करके भेजेंगे वैसा ही समाज का विकास होगा। ये हमारी जिम्मेदारी है कि वोट दें। कई लोग कहते हैं कि एक मेरे वोट देने से क्या होगा। मगर उस अकेले से ही समाज का निमार्ण होता है। अगर प्रत्याशी पसंद नहीं हो तो भी वोट देने जायें।
गुड्डू पांडेय
हमारे कॉलोनी में हर मतदान को एक त्योहार की तरह मनाया जाता है। वोटिंग केवल अधिकार नहीं है। एक बड़ी जिम्मेदारी है। क्योंकि हम एक ऐसे प्रत्याशी का चुनाव करते हैं जो हमारे समाज को दिशा देते हैं।
सुजीत लाल
मतदान का अधिकार हर नागरिक का है। मगर ये अधिकार से ज्यादा ये जिम्मेदारी है। ये हमारे ही हाथों में है कि हम कैसे लोगों को चुनकर विकास का जिम्मा देते हैं। हर किसी को सोच समझकर और अच्छे प्रत्याशी को वोट देना चाहिए।
दुर्गा सिंह