लातेहार में छेड़खानी करने वाले दो युवक धराए, ग्रामीणों ने जमकर की पिटाई; पुलिस को सौंपा
Jharkhand Latehar News छोटी बच्ची को गंदे इशारे से बुलाता देख महिला उग्र हुई। जब उसे लगा कि वे लोग बच्ची के साथ गलत हरकत कर बैठेंगे तो उसने पास के लोगों को आवाज देकर बुलाई और घटना की जानकारी दी।
चंदवा (लातेहार), जासं। लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के पूर्वी पंचायत स्थित गुरीटाड़ में छेडख़ानी करने वाले दो मनचले युवक ग्रामीण के हत्थे चढ़ गए। गुस्साए ग्रामीणों ने मनचलों की पिटाई के बाद पुलिस को सौंप दिया। मिली जानकारी के अनुसार तेतरा उरांव (जगराहा) और रमेश उरांव (सोंस, बुल्हू) विगत कई दिनों से नदी की ओर से आते-जाते महिलाओं को गलत नीयत से छेड़ रहे थे। शराब के नशे में हरकत की बात सोचकर महिलाएं चुप थीं।
सोमवार की शाम गाय-बकरी चराकर लौट रही एक सात वर्षीय छोटी बच्ची को गंदे इशारे कर मनचले पास बुला रहे थे। कुछ दूर पर खड़ी गांव की एक महिला यह सब देख रही थी। जब उसे लगा कि वे लोग बच्ची के साथ गलत हरकत कर बैठेंगे तो उसने पास के लोगों को आवाज देकर बुलाई और घटना की जानकारी दी। महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और बच्ची पर गलत नजर रखने की जानकारी मिलते ग्रामीण एकजुट हो गए और दोनों को पकड़ लिया।
इस बात की जानकारी जब अन्य ग्रामीणों को मिली तो वो उग्र हो गए और दोनों की जमकर पिटाई शुरू कर दी। नदी की ओर से पीटते हुए उसे गांव तक लाए। घटना की जानकारी मिलने के बाद अन्य लोग भी वहां जमा हो गए। वे लोग उसे कठोर दंड देने की बात कर रहे थे। इसकी जानकारी मीडियाकर्मियों को मिली। सूचना मिलने के बाद वहां पहुंचे मीडियाकर्मियों ने ग्रामीणों को समझाया कि कानून को हाथ में न लें।
अगर इनलोगों ने गलत करने की कोशिश की है तो सजा कानून के हिसाब से मिलेगी। पुलिस के पहुंचने के बाद ग्रामीण महिलाएं उन्हें पीटने की बात कह रही थी। इस बीच वहां पहुंची पुलिस आरोपियों को थाना ले आई। मेडिकल चेकअप और आवश्यक कारवाई के बाद आरोपियों को लातेहार मंडलकारा भेज दिया गया।