जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत कई बाइकों के कटे चालान
रांची शनिवार को ट्रैफिक डीएसपी-2 के नेतृत्व में अरगोड़ा व डिबडीह ओवरब्रिज के बीच जीरो टॉलरेंस अभियान चलाया गया। इस क्रम में मुख्य सड़क से गुजरने वाले एक-एक दोपहिया वाहन चालकों पर यातायात पुलिस की पैनी नजर रही।
जागरण संवाददाता, रांची : शनिवार को ट्रैफिक डीएसपी-2 के नेतृत्व में अरगोड़ा व डिबडीह ओवरब्रिज के बीच जीरो टॉलरेंस अभियान चलाया गया। इस क्रम में मुख्य सड़क से गुजरने वाले एक-एक दोपहिया वाहन चालकों पर यातायात पुलिस की पैनी नजर रही। ट्रैफिक पुलिस को देख कई दो पहिया वाहन चालक बीच रास्ते से ही भाग खड़े हुए। कार्रवाई के क्रम में दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने वाले, बाइक चालक द्वारा हेलमेट नहीं पहनने व विपरीत दिशा में वाहन चलाने वालों को रोका गया और उनसे ट्रैफिक नियम उल्लंघन करने से संबंधित पूछताछ की गई। लगभग एक घंटे के जीरो टॉलरेंस अभियान में 31 दोपहिया वाहन चालक पकड़े गए। सभी को ऑन स्पॉट चालान भी किया गया। पहले की अपेक्षा अब लोगों में आई है जागरूकता
ट्रैफिक डीएसपी महेश प्रजापति ने बताया कि पहले की अपेक्षा अब दोपहिया वाहन चलाने वाले काफी जागरूक हो गए हैं। लगभग 95 फीसद दोपहिया वाहन चालक हेलमेट का उपयोग कर रहे हैं। ट्रैफिक पुलिस का उद्देश्य उनसे जुर्माना वसूलना नहीं है। लोगों को हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक करना है। बताया कि वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर शनिवार को रातू रोड स्थित न्यू मार्केट चौक व अरगोड़ा में जीरो टॉलरेंस अभियान चलाया गया। चार पहिया वाहन चालकों पर नहीं हो रही कार्रवाई
ट्रैफिक पुलिस दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ जीरो टॉरेंस अभियान चला रही है। जबकि चार पहिया वाहन चलाने वाले ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करते हुए ट्रैफिक पुलिस के सामने से ही अभी भी गुजरते रहते हैं। फिर भी उनपर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। ट्रैफिक पुलिस डिजाइनर नंबर प्लेट लगाने वालों या सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने वालों को देखते हुए भी कार्रवाई नहीं करती। बेहतर ड्यूटी के लिए ट्रैफिक एसपी ने आरक्षी को किया सम्मानित
शनिवार को ट्रैफिक एसपी ने विधानसभा सत्र के दौरान बेहतर ड्यूटी करने के लिए आरक्षी नागेंद्र मिश्रा को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। आरक्षी के मनोबल को ऊंचा बनाए रखने के लिए ट्रैफिक एसपी ने उन्हें पांच सौ रुपये की नकद राशि भी पुरस्कार स्वरूप दी। सत्र के दौरान उन्हें यातायात व्यवस्था के तहत विधानसभा के गेट नंबर-04 पर प्रतिनियुक्त किया गया था। 25 जुलाई को निरीक्षण के क्रम में पाया गया था कि आरक्षी नागेंद्र मिश्रा ने अपने कर्तव्य का पालन किया और अनुशासित तरीके से वाहनों का टर्नआउट कराया।