Valentine's Day 2021: इस बार वैलेंटाइन वीक है खास, छुट्टी के दिन शुरू और छुट्टी के दिन ही समाप्त; जानें विस्तार से
Valentine Day 2021 प्रेमी जोड़ों के बीच एक सप्ताह तक मनाए जाने वाले वैलेंटाइन वीक का उत्साह पूरी दुनिया के साथ रांची में भी देखने को मिल रहा है। इस साल 2021 का वैलेंटाइन वीक बहुत ही खास है। बाजार भी सजकर तैयार हैं।
रांची, जासं। Valentine's Week 2021 प्यार का मौसम और पश्चिमी सभ्यता की देन वैलेंटाइन डे नजदीक है। फरवरी महीने के आगमन के साथ ही प्रेमी जोड़ों की आकांक्षाएं हिलोरे मारने लगी हैं। फरवरी के पहले सप्ताह से ही वैलेंटाइन वीक की तैयारियां शुरू हो जाती हैं। एक सप्ताह तक मनाए जाने वाले वैलेंटाइन वीक का उत्साह पूरी दुनिया के साथ रांची में भी देखने को मिल रहा है। इस साल 2021 का वैलेंटाइन वीक बहुत ही खास है। एक तो कोराेना वायरस काल के बाद आम जन-जीवन सामान्य हुआ है।
वहीं दूसरी ओर वैलेंटाइन डे Valentine Day 2021 की शुरुआत इस बार रविवार को हाे रही है और रविवार को ही यह वीक समाप्त हो जाएगा। सात फरवरी रविवार से शुरू होने वाले वैलेंटाइन वीक को लेकर रांची के यंगस्टर्स के साथ शादीशुदा लोगों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। लोगों के उत्साह को बढ़ाने के लिए रांची का बाजार भी पूरी तरह से तैयार है। वैलेंटाइन वीक के पूरे सप्ताह को सेलिब्रेट करने के लिए एक से बढ़कर एक गिफ्ट बाजार में उपलब्ध हैं।
जानें कब है क्या
इस बार वैलेंटाइन डे रविवार 7 फरवरी को शुरू हो रहा है। एक सप्ताह बाद 14 फरवरी रविवार को ही वैलेंटाइन डे मनाया जाएगा। वैलेंटाइन डे सेलिब्रेट करने वाले लाेगों को इस बार लंबा वीकेंड भी मिल रहा है। क्योंकि शुक्रवार के बाद शनिवार और रविवार को लगभग हर जगह छुट्टी रहती है।
7 फरवरी रोज डे वैलेंटाइन वीक का पहला दिन होता है। इस दिन प्रेमी या प्रेमिका एक-दूसरे को गुलाब के फूल का गुलदस्ता देकर अपने प्यार का इजहार करते हैं।
8 फरवरी को प्रपोज डे मनाया जाता है। इस दिन लोग अपने क्रश यानि चाहत को अपने दिल की बात कहते हैं। अगर आप भी कुछ ऐसा ही प्लान कर रहे हैं तो गिफ्ट के रूप में फूल, केक दे सकते हैं। या फिर उनके साथ डेट भी प्लान कर सकते हैं।
9 फरवरी को चाॅकलेट डे मनाया जाता है। अपने प्यार का इजहार चाॅकलेट देकर करना बहुत ही अच्छा आइडिया है। आप एक चाॅकलेट का बास्केट अपने पार्टनर को गिफ्ट कर सकते हैं।
10 फरवरी को टेडी डे मनाया जाता है। टेडी एक बहुत ही प्यारा सॉफ्ट टोय है। इसे हर उम्र के लोग पसंद करते हैं।
11 फरवरी को प्राॅमिस डे के रूप में मनाया जाता है। इस दिन आप अपने पार्टनर को हमेशा साथ रहने का वादा करते हैं। इस दिन को आप अपने पार्टनर को कुछ विशेष उपहार देकर और भी खास बना सकते हैं।
12 फरवरी को हग डे मनाया जाता है । हग डे प्यार के अहसास को बढ़ाता है। यह प्रेमी जोड़े को प्यार का अहसास दिलाता है। हग करके आप अपने पार्टनर के और भी करीब आ जाते हैं और एक-दूसरे के बीच के सारे गिले-शिकवे भी दूर हो जाते हैं।
13 फरवरी को किस डे मनाया जाता है। इस दिन नए प्रेमी एक दूसरे को पहला चुंबन देते हैं और एक-दूसरे के साथ पूरा जीवन बिताने की ओर एक कदम आगे बढ़ाते हैं।
14 फरवरी वैलेंटाइन वीक का आखिरी दिन होता है। इस दिन को प्रेमी जोड़े बड़े ही उल्लास के साथ मनाते हैं। इस आखिरी दिन को वे एक-दूसरे के लिए और भी स्पेशल बनाते हैं और एक दूसरे के साथ क्वालिटी टाइम बिताते हैं।
बोतल बंद मैसेज वाली गिफ्ट पहली पसंद
लालपुर में आर्चीज गिफ्ट शाॅप के मालिक कीर्ति सोरेन बताते हैं कि रांची में वैलेंटाइन वीक पर चाॅकलेट से लेकर गिफ्ट तक का करोड़ों रुपये का कारोबार है। वैलेंटाइन वीक अपने दिल की बात को पार्टनर से कहने का सुनहरा अवसर है। इसमें हर एक दिन खास है। रिश्तों में मिठास घोलने के लिए इसमें चाॅकलेट से लेकर टेडी डे और प्रोपोज डे तक का सहारा लिया जाता है। इसे देखते हुए कई कंपनियों ने अलग-अलग तरह के गिफ्ट बाजार में उतारा है। इसमें बोतल में बंद मैसेज वाली गिफ्ट इस वर्ष युवाओं का खास पसंद आ रही है। इस डिजाइनर बोतल में आप खुद से भी संदेश लिखकर अपने वैलेंटाइन को दे सकते हैं।