Jharkhand: झारखंड प्रशासनिक सेवा के 10 अफसरों को IAS में मिला प्रमोशन... देखें LIST
Jharkhand News झारखंड प्रशासनिक सेवा के दस अधिकारियों की प्रोन्नति भारतीय प्रशासनिक सेवा में कर दी गई है। राज्य सरकार की सहमति के उपरांत संघ लोक सेवा आयोग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। जिन अधिकारियों को आइएएस में प्रोन्नति मिली है उनमें भीष्म कुमार यतींद्र प्रसाद शामिल हैं।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand News झारखंड प्रशासनिक सेवा के दस अधिकारियों की प्रोन्नति भारतीय प्रशासनिक सेवा में कर दी गई है। राज्य सरकार की सहमति के उपरांत संघ लोक सेवा आयोग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। जिन अधिकारियों को आइएएस में प्रोन्नति मिली है उनमें भीष्म कुमार, यतींद्र प्रसाद, चंद्रकिशोर उरांव, सुनील कुमार, मेघू बड़ाइक, चंद्रशेखर प्रसाद, मोती जार्ज लकड़ा, मनोज कुमार, अविनाश कुमार सिंह अरुण कुमार रतन शामिल हैं। इनमें मनोज कुमार, अविनाश कुमार सिंह और अरुण कुमार रतन को 2018 की रिक्तियों के विरुद्ध प्रोन्नति दी गई है। अन्य अधिकारियों को 2017 की रिक्तियों के विरुद्ध पदोन्नत किया गया है।
झारखंड एटीएस में प्रतिनियुक्त होंगे तेज-तर्रार हवलदार
झारखंड पुलिस के आतंकवाद निरोधी दस्ता (एटीएस) में तेज-तर्रार हवलदार की प्रतिनियुक्ति होगी। एटीएस को और मजबूत किया जाएगा, ताकि अभियान को मजबूती से चलाया जा सके। एटीएस में हवलदारों की प्रतिनियुक्ति को लेकर पुलिस मुख्यालय ने सभी जिला व इकाइयों से पत्राचार कर मनोनयन मांगा है। इच्छुक हवलदारों की सूची भी पुलिस मुख्यालय को भेजी जानी है। शारीरिक रूप से चुस्त-दुरुस्त, युवा व तेज-तर्रार हवलदारों को ही एटीएस में प्राथमिकता दी जाएगी।
पुलिसकर्मियों के लिए हजारीबाग व जमशेदपुर में कोविड अस्पताल
कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए रांची के जगन्नाथपुर स्थित विस्थापित कॉलोनी में पुलिसकर्मियों-पदाधिकारियों के लिए बने कोविड केयर अस्पताल की तर्ज पर ही हजारीबाग व जमशेदपुर में भी कोविड केयर अस्पताल बनाया जा रहा है। हजारीबाग में 60 बेड का आइसोलेशन सेंटर बना है, जिसमें आरोग्यम संस्था की मदद से स्वास्थ्य सुविधाएं दी जाएंगी। राज्य सरकार की मदद से उक्त आइसोलेशन सेंटर की मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा किया गया है। इसी तरह जमशेदपुर में भी पुलिसकर्मियों के लिए अलग से आइसोलेशन सेंटर बनाया जा रहा है, ताकि पुलिसकर्मियों को बीमार पड़ने पर अस्पतालों में बेड के लिए चक्कर न काटना पड़े।
आइसोलेशन सेंटर में इलाज के साथ-साथ पौष्टिक आहार की भी व्यवस्था
पुलिस के लिए बने आइसोलेशन सेंटर में इलाज की समुचित व्यवस्था के साथ-साथ पौष्टिक आहार की भी व्यवस्था की जा रही है। आइसोलेशन सेंटर में पौष्टिक आहार के लिए आपदा राहत कोष से प्रति व्यक्ति प्रतिदिन 100 रुपये मिल रहे हैं। इसके अलावा पुलिस मुख्यालय अपनी तरफ से भी करीब 250 रुपये दे रहा है, ताकि बीमार पुलिसकर्मियों को पौष्टिक आहार मिल सके।
पुलिस परिवार की भी चिंता, डीएसपी स्तर के पदाधिकारी ले रहे हाल-समाचार
डीजीपी नीरज सिन्हा के आदेश पर प्रत्येक जिले में पुलिस पदाधिकारी या कर्मी के परिवार का कोई सदस्य कोरोना वायरस से संक्रमित हो जाता है या बीमार पड़ जाता है तो उसके त्वरित इलाज की व्यवस्था कराई जाएगी। इसके लिए प्रत्येक जिले में डीएसपी स्तर के पदाधिकारी को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह पदाधिकारी उक्त पुलिस परिवार के संपर्क में रहेगा, ताकि उसे किसी प्रकार की कोई दिक्कत न हो।