Move to Jagran APP

यूपी में स्पष्‍ट बहुमत से बनेगी भाजपा की सरकार, केंद्रीय मंत्री अन्‍नपूर्णा देवी का दावा

UP Chunav 2022 केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सह भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अन्‍नपूर्णा देवी ने शन‍िवार को मां भद्रकाली के दरबार में कहा क‍ि केंद्र सरकार की योजनाओं को लागू करने में झारखंड सरकार पिछड़ रही है। केंद्र सरकार झारखंड में उद्योग तथा सड़क का जाल बिछाना चाहती है।

By M EkhlaqueEdited By: Published: Sat, 22 Jan 2022 07:19 PM (IST)Updated: Sat, 22 Jan 2022 07:19 PM (IST)
यूपी में स्पष्‍ट बहुमत से बनेगी भाजपा की सरकार, केंद्रीय मंत्री अन्‍नपूर्णा देवी का दावा
केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सह भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अन्‍नपूर्णा देवी।

चतरा, जागरण संवाददाता। केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सह भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अन्‍नपूर्णा देवी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में इस बार भी भारतीय जनता पार्टी की सरकार स्पष्ट बहुमत से बनेगी। यूपी की जनता ने योगी आदित्यनाथ को फिर से मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठाने का मन बना लिया है। उत्तर प्रदेश के हर क्षेत्र में सिर्फ कमल ही खिलेगा।

loksabha election banner

ऐतिहासिक मां भद्रकाली मंदिर में अन्‍नपूर्णा ने की पूजा

अन्‍नपूर्णा देवी शनिवार को ऐतिहासिक मां भद्रकाली मंदिर में पूजा अर्चना करने पहुंची थीं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में चारों ओर भाजपा की लहर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा किए गए कार्यों से यूपी की जनता पूरी तरह संतुष्ट है। खासकर उत्तर प्रदेश की सरकार द्वारा ला एंड आर्डर पर किए गए बेहतरीन काम के कारण जनमानस में योगी आदित्यनाथ की छवि काफी अच्छी बनी हुई है।

अख‍िलेश यादव की सरकार में अपराध‍ियों का था बोलबाला

अन्‍नपूर्णा देवी ने उत्तर प्रदेश की पूर्ववर्ती अखिलेश यादव की सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अखिलेश यादव के राज में उत्तर प्रदेश में अपराधियों का बोलबाला था। यूपी की बहन बेटियां निर्भीक रूप से सड़कों पर घूम नहीं पाती थीं। लेकिन आज हालात बदल गए हैं। उत्तर प्रदेश के हर कोने में कानून का राज स्थापित है। लोग भय मुक्त हो चुके हैं। यूपी चुनाव में किसान आंदोलन के प्रभाव के सवाल पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा कि पश्चिम उत्तर प्रदेश के किसान भी पूरी तरह भाजपा के साथ हैं। क्योंकि किसान भी अपने क्षेत्र की समृद्धि और खुशहाली चाहते हैं।

हेमंत स‍िर्फ केंद्र सरकार को कोसने में समय खर्च कर रहे

झारखंड की हेमंत सरकार के अब तक के कार्यकाल पर अन्‍नपूर्णा देवी ने कहा कि हेमंत सरकार के राज में झारखंड काफी पीछे चला गया है। रघुवर दास की सरकार के वक्त जो काम हुए हैं, उसी पर हेमंत सोरेन अपनी पीठ थपथपा रहे हैं। हेमंत सोरेन को नाकाम मुख्यमंत्री बताते हुए केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं को लागू करने तथा लाने में भी झारखंड की सरकार पिछड़ रही है। अन्‍नपूर्णा देवी ने कहा क‍ि केंद्र सरकार झारखंड में उद्योग तथा सड़क का जाल बिछाना चाहती है। लेकिन यह सरकार सिर्फ केंद्र सरकार को कोसने में ही अपना समय व्यतीत कर रही है।

कोडरमा रेलवे स्‍टेशन पर कुछ ट्रेनों का ठहराव शीघ्र होगा

कोडरमा रेलवे स्टेशन पर कुछ ट्रेनों के ठहराव नहीं होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस सिलसिले में उनकी केंद्रीय रेल मंत्री से बातचीत हुई है। कोरोना की वजह से कुछ ट्रेनों का ठहराव बंद हुआ है। यह समस्या शीघ्र दूर हो जाएगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.