निजीकरण और केंद्र की नीतियों के खिलाफ देशव्यापी हड़ताल करेगा संयुक्त यूनियन Ranchi News
सीएमपीडीआईएल में मजदूर कंवेशन का आयोजन किया गया। इसमें ट्रेड यूनियन के नेताओं ने एलान किया कि मजदूर यूनियन 26 नवंबर को देशव्यापी हड़ताल करेंगे। इसके लिए संयुक्त यूनियन की ओर से देश और राज्य के मजदूरों और देशभक्त शक्तियों का आह्वान किया गया है।
रांची (जागरण संवाददाता) सीएमपीडीआईएल में मजदूर कंवेशन का आयोजन किया गया। इसमें ट्रेड यूनियन के नेताओं ने इस बात का एलान किया कि मजदूर यूनियन 26 नवंबर को देशव्यापी हड़ताल करेंगे। इसके लिए संयुक्त यूनियन के द्वारा देश और राज्य के मजदूरों और देशभक्त शक्तियों का आह्वान किया गया है। ये हड़ताल यूनियन के द्वारा केंद्र सरकार की नीतियों और निजीकरण के विरोध में किया जा रहा है।
यूनियन की तरफ से कहा गया है कि केंद्र सरकार द्वारा देश की संपदा और आत्मनिर्भर भारत की बुनियाद सार्वजनिक क्षेत्र के उद्योगों को बेचने, राष्ट्रीय कृत बैंकों को विखंडित कर उसका भी नीजिकरण किया जा रहा है। देश की अर्थव्यवस्था की रीढ भारतीय जीवन बीमा निगम को समाप्त करने की साजिश रची जा रही है। रक्षा, कोयला,पेट्रोलियम, इस्पात, भारी अभियंत्रण, रेलवे, नेशनल हाइवे, दूरसंचार हवाई अड्डा, बंदरगाह समेत तमाम रणनीतिक उधमो-उधोगों, संस्थानों को देशी विदेशी पूंजीपतियों के हाथों कौड़ी के मोल पर दिया जा रहा है।
मजदूर कंवेशन में संयुक्त यूनियन की तरफ से कहा गया है कि देश का मजदूर वर्ग राष्ट्रीय संपदा की लूट के खिलाफ और भारत के आत्मसम्मान और आर्थिक संप्रभुता की रक्षा के लिए कोई भी कुर्बानी देने के लिए तैयार है। इस देशव्यापी हड़ताल को झारखंड में पूर्ण रूप से सफल बनाने की जिम्मेदारी सभी यूनियनों औऱ मजदूरों की है। ट्रेड यूनियनों ने यह भी अपील किया है कि सभी जगह शारीरिक दूरी और स्वास्थ्य मंत्रालय के एडवाइजरी का सख्ती से पालन करते हुए संडकों पर उतर कर केंद्र और अधिकांश राज्य सरकारों द्वारा कोरोना महामारी की आड़ मे मजदूर वर्ग के अधिकारों पर किए जा रहे निर्मम हमलों का प्रतिरोध करेंगे और देश की संपत्ति की रक्षा करेंगे।